कांग्रेस नेताओं की कारगुजारियों को लेकर उर्मिला ने देवड़ा को लिखा था खत, लीक हुआ तो जताई नाराजगी

कांग्रेस नेताओं की कारगुजारियों को लेकर उर्मिला ने देवड़ा को लिखा था खत, लीक हुआ तो जताई नाराजगी

Tejinder Singh
Update: 2019-07-09 15:49 GMT
कांग्रेस नेताओं की कारगुजारियों को लेकर उर्मिला ने देवड़ा को लिखा था खत, लीक हुआ तो जताई नाराजगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव परिणामों से पहले लिखा गया कांग्रेस उम्मीदवार-अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर का पत्र सार्वजनिक होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक गोपनीय खत इस तरह सार्वजनिक कर दिया गया। चुनाव परिणामों से पहले उर्मिला ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवडा को नौ पन्नों का यह खत लिखा था जिसमें उन्होंने मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम समर्थक स्थानीय नेताओं पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था। उर्मिला ने कहा कि उन्होंने सिर्फ पार्टी की बेहतरी के लिए यह खत लिखा था उनका इसके पीछे कोई निजी स्वार्थ नहीं था।

निरुपम समर्थक नेताओं पर पैसे मांगने और ठीक से काम न करने के लगाए थे आरोप 

दरअसल इन दिनों मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवडा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के बीच घमासान चल रहा है। मिलिंद देवडा के इस्तीफे को लेकर निरुपम द्वारा ट्विटर पर टिप्पणी किए जाने से नाराज देवडा समर्थकों की ओर से यह खत सार्वजनिक किया गया। बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का दामन थामकर अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने उत्तर मुंबई सीट से भाजपा उम्मीदवार गोपाल शेट्टी के सामने चुनाव लड़ा था। लेकिन शेट्टी ने उर्मिला को बड़े अंतर से हराया था।

कहा अहमद पटेल से मंगाओं पैसे, नहीं तो रोकना पड़ेगा प्रचार

16 मई 2019 को उर्मिला मातोंडकर ने देवडा को खत लिखा था जिसमें प्रचार के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा सहयोग न मिलने का आरोप लगाया था। उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त चीफ कोआर्डिनेटर संदेश कोंडविलकर, व मुंबई कांग्रेस के पदाधिकारी भूषण पाटील और जिला अध्यक्ष अशोक सुत्राले को प्रचार में कमजोरी और ठोस योजनाएं न बनाने की लिए जिम्मेदार ठहराया था। तीनों नेता मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोंडवलकर और भूषण अक्सर पैसे की कमी का हवाला देकर उनके परिवार से सदस्यों को वक्त बेवक्त फोन कर पैसे मांगते रहते थे। उन्होंने खत में लिखा है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में कोंडविलकर ने उनके परिवार के एक सदस्य को देर रात फोन कर कहा कि वे तुरंत अहमद पटेल को फोन कर पैसे की व्यवस्था करें वरना चुनाव प्रचार रोकना पड़ेगा। खत में उर्मिला ने तीनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की थी।

Tags:    

Similar News