गरज-चमक के साथ तीन दिन तक बारिश का अनुमान

गरज-चमक के साथ तीन दिन तक बारिश का अनुमान

Tejinder Singh
Update: 2020-06-19 14:08 GMT
गरज-चमक के साथ तीन दिन तक बारिश का अनुमान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मौसम विभाग के अनुसार 3 दिन तक गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं, गुरुवार की रात को तेज हवाओं के साथ बादलों ने झमाझम बारिश कर मौसम का मिजाज ही बदल दिया। हालांकि रात के बाद सुबह बारिश नहीं हुई, लेकिन मौसम में बहुत अधिक बदलाव देखने को नहीं मिला। बारिश की वजह से मौसम ठंडा बना रहा। दिन में कभी बादलों ने घेरा तो कभी सूर्यदेव ने अपने तेवर दिखाने की कोशिश की लेकिन मौसम लगभग सामान्य रहा। शुक्रवार को नागपुर में बारिश दर्ज नहीं की गई।

शाम से सुबह के बीच में बारिश अधिक संभावना

मानसून की वजह से मौसम विभाग कभी हल्की, कभी मध्यम और कभी भारी बारिश का अनुमान जता रहा है। अभी दिन की अपेक्षा शाम से सुबह के बीच में बारिश अधिक बार देखने को मिलती है और रात में ज्यादातर बारिश होती है। गुरुवार को भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला है जिसकी वजह से शाम से सुबह के बीच में बारिश होने की अधिक संभावना रहती है। शुक्रवार को भी बारिश होने का अनुमान है चूंकि दिन में बारिश नहीं हुई इस वजह से रात में हो सकती है। इसके साथ ही 20 जून को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। 21 जून को गरज चमक के साथ ज्यादातर स्थानों पर बारिश का अनुमान है। जबकि 22 और 23 जून को नागपुर में अधिकांश स्थानों पर बारिश का अनुमान है। यह अनुमान है कि ना तो ज्यादा तापमान में अंतर देखने को मिलेगा और ना ही मौसम में कोई बढ़ा बदलाव होगा।

तापमान पर नजर

गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को अधिकतम तामपान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की वजह से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की वजह से न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है।

Tags:    

Similar News