ऑरेंज सिटी क्रॉफ्ट मेला से नारी सशक्तिकरण का संदेश, कल उद्घाटन

ऑरेंज सिटी क्रॉफ्ट मेला से नारी सशक्तिकरण का संदेश, कल उद्घाटन

Anita Peddulwar
Update: 2020-01-09 08:52 GMT
ऑरेंज सिटी क्रॉफ्ट मेला से नारी सशक्तिकरण का संदेश, कल उद्घाटन

 डिजिटल डेस्क, नागपुर। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा 27वें  ऑरेंज सिटी क्रॉफ्ट मेला एवं लोकनृत्य समारोह का आयोजन 10 से 19 जनवरी तक केंद्र  परिसर में होगा।  मेले में नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए केंद्र की ओर से लोकनृत्य समारोह में उद्घाटन के लिए 5 महिलाओं को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।  इसमें महाराष्ट्र हथकरघा निगम  की आयुक्त आईएएस माधवी खोडे, संस्कार भारती की अध्यक्ष कांचन गडकरी, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योति बावनकुले, पूर्व महापौर  नंदा जिचकार एवं विद्यापीठ की फाइन आर्ट विभाग की विभाग प्रमुख डॉ. मुक्तादेवी मोहिते शामिल होंगी। यह जानकारी केंद्र के निदेशक डॉ. दीपक खिरवड़कर ने पत्रकार वार्ता में दी।

मेले और कार्यक्रम का समय
मेले का समय दोपहर 2 से रात 9.30 बजे तक रखा गया है। लोकनृत्यों की प्रस्तुति शाम 6.30 बजे से होगी। हस्तशिल्प मेले में 150 हस्तशिल्पकार सहभागी होंगे तथा 300 से अधिक लोक एवं आदिवासी कलाकार शिरकत करेंगे। स्वादिष्ट व्यंजनों के 25 स्टॉल लगाए जाएंगे। लोक एवं आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुति शाम 6.30 बजे से शुरू होगी। इसमें महाराष्ट्र, ओडिसा, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, मध्य प्रदेश, राजस्थान के लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।  मेले में राजस्थान के बहरूपिये कलाकार भी प्रतिदिन अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को आकर्षित करेंगे। 

देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार करेंगे शिरकत
डॉ. खिरवड़कर ने बताया कि मेले में देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य एवं आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुति होगी। हस्तशिल्प एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। केंद्र परिसर में पारंपरिक लोक कलाकारों द्वारा आकर्षक सजावट की जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हस्तशिल्पकार एवं प्रतिभाशाली कलाकार सहभागी होंगे। पत्रकार वार्ता में केंद्र के उपनिदेशक मोहन पारखी, कार्यक्रम अधिकारी दीपक कुलकर्णी, गोपाल बेतावार, गणेश थोरात, श्रीकांत देसाई उपस्थित थे।

हस्तशिल्प वस्तुओं की प्रदर्शनी
हस्तशिल्प कला अंतर्गत टेरा कोटा, पौट्री, फर्नीचर, कारपेट, हैंडलूम, ज्वेलरी, पेपर मैशिंग, मेटल क्रॉफ्ट, ग्लास क्रॉफ्ट, पंजाबी जूती, फुलकारी, चंदेरी साड़ी, पैठनी साड़ी, बनारसी साड़ी, जरी वर्क, मैट वेविग, वुड क्रॉफ्ट, बेल मेटल, जूट क्रॉफ्ट, खादी, कलमकारी प्रिंटिंग, लेदर पपेट आदि के कलाकार अपनी सामग्री के साथ शामिल होंगे। उनके द्वारा निर्मित हस्तशिल्प वस्तुएं प्रदर्शनी तथा बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसमें राजस्थानी व्यंजन, पंजाबी व्यंजन, चाट, पानी पुरी, कुल्फी आदि व्यंजनों के साथ विदर्भ का स्वाद भी चखने को मिलेगा।

Tags:    

Similar News