साल 2017: पुलिस ने लौटाए चोरी गए 29 करोड़ के गहने-गाड़ियां

साल 2017: पुलिस ने लौटाए चोरी गए 29 करोड़ के गहने-गाड़ियां

Anita Peddulwar
Update: 2018-01-06 13:13 GMT
साल 2017: पुलिस ने लौटाए चोरी गए 29 करोड़ के गहने-गाड़ियां


डिजिटल डेस्क, मुंबई। चोरी हुआ सामान मिलने की  उम्मीद वैसे तो कम होती है , खासतौर पर पब्लिक प्लेस से यदि कुछ चोरी हो जाए तो यह और भी मुश्किल लगता है । लेकिन ठाणे पुलिस ने लोगों से चुराए गए 29 करोड़ रुपए से ज्यादा के गहने, गाड़ियां और दूसरे सामान वापस किए हैं। कुल 1721 लोग अपना चोरी हुआ कीमती सामान वापस पाने में सफल रहे। महाराष्ट्र पुलिस रेजिंग डे के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने कोर्ट के आदेश के बाद 55 और लोगों को उनका चोरी हुआ 52 लाख  से ज्यादा का सामान सौंपा। एक साल में लोगों को वापस किए गए सामान में 51 किलो से ज्यादा सोने चांदी के गहने हैं। 
820 मामले सुलझाने में मिली सफलता: ठाणे पुलिस की प्रवक्ता इंस्पेक्टर सुखदा नारकर ने बताया कि साल 2017 में ठाणे में 3233 चोरी के मामले दर्ज किए गए थे। इनमें से 820 मामले सुलझाते हुए पुलिस ने 44 करोड़ 25 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने चेन स्नैचिंग (झपटमरी) की 191 वारदातों को भी सुलझाते हुए एक करोड़ नौ लाख रुपए से ज्यादा के सोने की चेन लोगों को वापस किए हैं। नारकर ने बताया कि कुल 336 लोगों को 21 किलो 549 ग्राम सोने और 30 किलो 31 ग्राम चांदी के गहने वापस किए गए। कुल गहनों की कीमत सात करोड़ 58 लाख से ज्यादा है। इसके अलावा 947 लोगों को उनकी चोरी हुईं गाड़ियां वापस की गईं जिनकी कुल कीमत 18 करोड़ आठ लाख रुपए के करीब थी। साथ ही 438 लोगों को तीन करोड़ 64 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के दूसरे सामान वापस किए गए।  ठाणे पुलिस ने जिस तरह लोगों के चोरी गए सामान वापस लौटाए हैं वह अन्य जिले की पुुलिस के लिए प्रेरणा है। यदि पुलिस इसी तरह अपना कार्य कुशलता पूर्वक करे तो जनता का विश्वास पुलिस के प्रति और अटूट हो सकता है।   

Similar News