NZ VS IND Practice Match: पहले दिन भारत 263 रन पर ढेर, पृथ्वी-मयंक फेल; विहारी-पुजारा ने बचाई लाज

NZ VS IND Practice Match: पहले दिन भारत 263 रन पर ढेर, पृथ्वी-मयंक फेल; विहारी-पुजारा ने बचाई लाज

Bhaskar Hindi
Update: 2020-02-14 07:08 GMT
NZ VS IND Practice Match: पहले दिन भारत 263 रन पर ढेर, पृथ्वी-मयंक फेल; विहारी-पुजारा ने बचाई लाज
हाईलाइट
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारतीय टीम पहले दिन 263 रन पर ऑल आउट
  • विहारी ने शतकीय पारी खेली
  • उन्होंने 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 101 रन बनाए

डिजिटल डेस्क, हैमिल्टन। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले सेडन पार्क में तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही भारतीय टीम पहले दिन शुक्रवार को 263 रनों पर ढेर हो गई। भारतीय टीम के ऑल आउट होते ही स्टंप्स की घोषणा कर दी गई। यह स्कोर भी भारतीय टीम ने हनुमा विहारी और चेतेश्वर पुजारा की मदद से बनाया। यही दो बल्लेबाज थे जो न्यूजीलैंड-XI के गेंदबाजों के सामने टिक सके।

विहारी ने जड़ा शतक
विहारी ने 182 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 101 रन बनाए। वहीं पुजारा 7 रन से शतक से चूक गए। उन्होंने 211 गेंदों पर 93 रनों की पारी खेली जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इन दोनों के अलावा अगर कोई बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक पहुंच सका तो वह हैं अजिंक्य रहाणे, जिन्होंने 18 रन बनाए।

पृथ्वी, गिल, साहा और अश्विन खाता भी नही खोल पाए
पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल की सलामी जोड़ी वनडे की असफलता को पीछे नहीं छोड़ सकी। शॉ खाता भी नहीं खोल सके, जबकि मयंक 1 रन बनाकर ही आउट हो गए। सलामी बल्लेबाज की रेस में शामिल शुभमन गिल भी प्रभावित नहीं कर सके। वह भी अपना खाता नहीं खोल सके।

38 रनों के कुल स्कोर पर भारत ने अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से विहारी और पुजारा ने टीम को संभालते हुए बेहतरीन साझेदारी की। दोनों ने 195 रनों की साझेदारी की। पुजारा को जैक गिब्सन 233 के कुल स्कोर पर आउट किया, जबकि विहारी रिटायर्ड हो गए। रिद्धिमान साहा और रविचन्द्रन अश्विन भी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे। रवींद्र जडेजा ने 8 रन बनाए। उमेश यादव 9 रन ही बना सके। न्यूजीलैंड के लिए स्कॉट कुगलेन्डन और ईश सोढ़ी ने 3-3 विकेट झटके। जेक गिब्सन ने 2 और जेम्स नीशम ने 1 विकेट लिया। 

टीमें - 

भारत: पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, विराट कोहली (कप्तान), रिद्धिमान साहा, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी

न्यूजीलैंड-XI: हेनरी कूपर, विल यंग, रचिन रवींद्र, टिम सेफर्ट, टॉम ब्रूस, डेरिल मिशेल (कप्तान), डेन क्लीवर, जेम्स नीशम, फिन एलन, स्कॉट कुगलेन्डन, जेक गिब्सन, स्कॉट जॉनसन, ईश सोढ़ी, ब्लेयर टिकर

 

Tags:    

Similar News