Coronavirus: टीम इंडिया बनी 'टीम मास्क फोर्स', फैंस को दिया खास मेसेज; देखें वीडियो

Coronavirus: टीम इंडिया बनी 'टीम मास्क फोर्स', फैंस को दिया खास मेसेज; देखें वीडियो

Bhaskar Hindi
Update: 2020-04-18 10:55 GMT
Coronavirus: टीम इंडिया बनी 'टीम मास्क फोर्स', फैंस को दिया खास मेसेज; देखें वीडियो

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इस समय पूरा देश कोरोनावायरस महामारी से जूझ रहा है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस लड़ाई में सरकार का साथ देने से पीछे नहीं हट रही है। सरकार ने सभी से अपील करते हुए कहा है कि, बाहर जाते हुए मास्क पहनकर जाएं। इस अपील को और मजबूत करने के लिए BCCI ने एक वीडियो बनाया है, जिसमें टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी लोगों से मास्क पहनने की अपील कर रहे हैं और BCCI ने इस टीम को नाम दिया है टीम मास्क फोर्स।  

इस वीडियो में कप्तान विराट कोहली, BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली, स्मृति मंधाना, रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, वीरेंदर सहवाग, राहुल द्रविड़, मिताली राज और सचिन तेंदुलकर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सभी खिलाड़ी बताते हैं कि, किस तरह घर बैठे आसानी से मास्क बनाया जा सकता है। खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि, इस खास अभियान में शामिल होकर आप न केवल खुद की सुरक्षा कर सकते हैं, बल्कि देश के लिए बड़ा योगदान भी दे सकते हैं।

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस वीडियो में कहा, टीम इंडिया का सदस्य होना गर्व की बात है, लेकिन हम आज एक बड़ी टीम ‘टीम मास्क फोर्स’ बना रहे हैं। वहीं मास्टर ब्लास्टर सचिन ने कहा, कम ऑन इंडिया, मास्क बनाइए और मास्क फोर्स का हिस्सा बनिए। 20 सेकंड तक हाथ धोइए और सामाजिक दूरी बनाए रखिए। रोहित शर्मा ने कहा, मास्क फोर्स का हिस्सा बनना आसान है। घर पर बैठकर मास्क बनाइए, जैसे मैंने अपने लिए बनाया है।

टीम इंडिया अब टीम मास्क फोर्स
BCCI ने ट्विटर पर यह वीडियो शेयर कर लिखा है, टीम इंडिया अब टीम मास्क फोर्स बन गई है। कोरोना से लड़ाई में साथ दें। आरोग्यसेतु मोबाइल एप डाउनलोड करें। बता दें कि, BCCI ने इससे पहले कोरोनावायरस से लड़ाई में 51 करोड़ रुपये की मदद भी की थी। 

Tags:    

Similar News