विद्यार्थियों का चयन: राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित हुए जिले से पांच विद्यार्थी
- शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सागर में किया गया
- पवई विकासखण्ड के विद्यार्थियों ने बढ़चढक़र भागेदारी की
- कक्षा सातवीं के छात्र स्वराज सिंह गोंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
डिजिटल डेस्क, पन्ना। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार आज सागर में जोन स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी 2030-24 का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सागर में किया गया। सम्पन्न हुई प्रतियोगिता में पन्ना जिले के पांच प्रतिभागी विद्यार्थी राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित हुए है। जो कि सभी चयनित विद्यार्थी पवई विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी हैं। जानकारी के अनुसार सर्वप्रथम प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से चयनित विद्यार्थियों ने जन शिक्षा केन्द्र पर फिर जन शिक्षा केन्द्र से चयनित प्रतिभागी विकासखण्ड स्तर पर और विकासखण्ड स्तर से चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में सम्मलित हुए।
जिला मुख्यालय पन्ना में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में पवई विकासखण्ड के विद्यार्थियों ने बढ़चढक़र भागेदारी की और जोन स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विकासखण्ड पवई से चयनित कुल 14 विद्यार्थियों जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा बेहतर प्रदर्शन से पांच विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय से प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रथम स्थान प्राप्त छात्र राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए चयनित हुए है। पवई विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंवरपुर से कक्षा 10 की छात्रा अंकित पटेल ने गणित मॉडल एवं कक्षा 12 की छात्रा हर्षित जैन ने एकल गायन में सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
शासकीय माध्यमिक शाला सिमरा बहादुर से कक्षा 6वीं की छात्रा आरती रजक ने सामाजिक राजनीतिक जीवन मॉडल प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पवई के दूरस्थ पहाड़ी अंचल शासकीय माध्यमिक शाला महुआ डोल के कक्षा सातवीं के छात्र स्वराज सिंह गोंड ने संगोष्ठी जूनियर वर्ग में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शासकीय माध्यमिक शाला सिरसी की कक्षा 8वीं की छात्रा नीति द्विवेदी ने इतिहास मॉडल में जूनियर वर्ग में जोन स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी प्रदेश स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। पवई विकासखंड की इस उपलब्धि पर संभाग, जिले एवं विकासखंड के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित प्रतिभागियों एवं विकासखंड की टीम को बधाइयां प्रेषित की हैं।