....जब माथे पर बिंदी लगाकर और दुपट्टा डाले कार्यक्रम में पहुंचे गौतम गंभीर
....जब माथे पर बिंदी लगाकर और दुपट्टा डाले कार्यक्रम में पहुंचे गौतम गंभीर
- इस कार्यक्रम में वह माथे पर बिंदी लगाकर और दुपट्टा डाले पहुंचे थे।
- गौतम गंभीर की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
- गौतम गंभीर हाल ही में ट्रांसजेंडर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया से बाहर चल रहे ओपनर बल्लेबाज गौतम गंभीर आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। इस बार इस ओपनर की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। गौतम गंभीर हाल ही में ट्रांसजेंडर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में वह माथे पर बिंदी लगाकर और दुपट्टा डाले पहुंचे थे। गंभीर ने ये वेशभूषा ट्रांसजेंडर समाज को अपना समर्थन देने के लिए अपनाई थी।
गंभीर ने 2007 टी-20 वर्ल्डकप और 2011 वनडे वर्ल्डकप जीत में भारत के लिए अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने अब तक भारत के लिए 58 टेस्ट और 147 वनडे मैच खेले हैं। 58 टेस्ट में उन्होंने नौ शतक और 22 अर्धशतकों की मदद से 4154 रन बनाए हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में उनके नाम 5238 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 11 शतक और 34 अर्धशतक भी ठोके। इसके अलावा गंभीर ने भारत के लिए 37 टी-20 मैच भी खेलें हैं। इसमें उन्होंने सात अर्धशतक की मदद से 932 रन बनाए हैं।
बता दें कि गंभीर क्रिकेट के अलावा समाजसेवा के कामों के चलते भी सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने सैनिकों के लिए पिछले दिनों डोनेशन भी दिया था। वहीं एक रिपोर्ट में कहा गया था कि गौतम गंभीर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं। इतना ही नहीं वह आने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ सकते हैं। हालांकि, गंभीर ने क्रिकेट को अभी अलविदा नहीं कहा है।
यह पहली बार नहीं है जब गंभीर ट्रांसजेंडर के लिए आगे आए हैं। इससे पहले उन्होंने रक्षा बंधन में भी ट्रांसजेंडर से राखी बंधवाई थी। उन्होंने इसके साथ ही उन्होंने एक नई मिसाल भी कायम की। गंभीर ने फोटो के साथ ही देशवासियों के लिए एक मैसेज भी लिखा। उन्होंने लिखा, 'इस त्योहार का पुरुष या महिला होने से मतलब नहीं है, बल्कि इसके मायने मानवता को लेकर हैं। मुझे इसका गर्व है। मैंने इसे स्वीकार कर लिया है। क्या आप स्वीकारने को तैयार हैं?'
गंभीर 'हिजड़ा हब्बा' नाम के कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान गंभीर किन्नरों की तरह ही तैयार हुए। उनके वहां पहुंचने पर ट्रांसजेंडर्स ने उन्हें तैयार होने में सहायता भी की। लोग उन्हें इस वेशभूषा में देखकर हैरान जरूर हुए पर वजह जानने के बाद सभी ने इस दिग्गज खिलाड़ी की तारीफ की है। दरअसल, उन्होंने ऐसा ट्रांसजेंडर समाज के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए किया था।