पाकिस्तान : CPEC के विरोध में आत्मघाती हमला, 3 चीनी नागरिक घायल

पाकिस्तान : CPEC के विरोध में आत्मघाती हमला, 3 चीनी नागरिक घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-11 19:12 GMT
पाकिस्तान : CPEC के विरोध में आत्मघाती हमला, 3 चीनी नागरिक घायल
हाईलाइट
  • बलूचिस्तान में हुए एक आत्मघाती हमले में तीन चीनी नागरिक और दो पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं।
  • बलूचिस्तान लिब्रेशन आर्मी के सीनियर कमांडर असलम बलूच के बड़े बेटे रेहान बूलच ने अपने आप को उड़ा लिया।
  • रेहान ने पाकिस्तान और चीन पर राज्य के खजाने को लूटने का भी आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक आत्मघाती हमले में तीन चीनी नागरिक और दो पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। अपने आप को बम से उड़ाने वाले की पहचान बलूचिस्तान लिब्रेशन आर्मी के सीनियर कमांडर असलम बलूच के बड़े बेटे रेहान बूलच के रूप में बताई जा रही है। रेहान ने बलूचिस्तान की मांग सामने रख अपने आप को उड़ा लिया। रेहान ने पाकिस्तान और चीन पर राज्य के खजाने को लूटने का भी आरोप लगाया।

जानकारी के अनुसार रेहान ने चाघी जिले के दलबंदीन इलाके के सैनडक प्रोजेक्ट के नजदीक बस में अपने आप को उड़ा लिया। रेहान बलूच के बारे में बताया गया है कि वह लगातार चीन के सहयोग से पाकिस्तान में चल रहे CPEC प्रोजेक्ट का विरोध कर रहा था। सैकड़ों चीनी नागरिक चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के तहत बलूचिस्तान में विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।

एक वीडियो संदेश जारी कर रेहान ने कहा था कि उनके द्वारा चीनी नागरिकों को कई बार यहां से जाने को कहा गया। उन्हें यह भी कहा गया कि वे पाकिस्तान द्वारा चल रहे षडयंत्र का हिस्सा न बनें। इसके बावजूद चीनियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

 

 

खुद को उड़ाने से पहले रेहान ने वीडियो संदेश में कहा था कि पाकिस्तान और चीन सरकार मिलकर बलूचिस्तान की संपत्ति लूट रहे हैं। वे उन पर जुल्म भी ढाते हैं। चीन लगातार पाकिस्तान की मदद कर रहा है। वह पाक को हथियार भी सप्लाई करता है। पाकिस्तानी फोर्स इन हथियारों को बलूचिस्तान के लोगों के खिलाफ इस्तेमाल करती है। ऐसे में उनके सामने कोई विकल्प नहीं बचा है।

नाम गुप्त रखने की शर्त पर एक पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया, ‘उसने ईरानी कंपनी का एक पिक-अप ट्रक इस्तेमाल किया, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर तेल ले जाने के लिए किया जाता है। हमले में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।’

Similar News