इथोपिया प्लेन क्रैश: अमेरिका के बाद UN ने भी बोइंग 737 मैक्स-8 विमानों पर लगाई रोक

इथोपिया प्लेन क्रैश: अमेरिका के बाद UN ने भी बोइंग 737 मैक्स-8 विमानों पर लगाई रोक

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-15 12:32 GMT
इथोपिया प्लेन क्रैश: अमेरिका के बाद UN ने भी बोइंग 737 मैक्स-8 विमानों पर लगाई रोक

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। इथोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में हुए भीषण विमान हादसे के बाद यूनाइटेड नेशन (UN) ने बोइंग 737 मैक्स-8 विमान पर प्रतिबंध लगा दिया है। UN ने शुक्रवार को अपने सभी कर्मचारियों से इस विमान से यात्रा नहीं करने का आदेश दिया। बता दें कि इस हादसे में सभी 157 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें 4 भारतीय भी शामिल थे। इसके बाद अमेरिका और भारत समेत 42 देशों ने इन विमानों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया था।

UN के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, "हमने अपने सभी ट्रैवल ब्यूरो को निर्देश दे दिए हैं। हमने कहा है कि इस दुर्घटना में शामिल बोइंग 737 मैक्स 8 के किसी भी विमान में हमारे कर्मचारियों की टिकट नहीं बुक की जाएगी। हम अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। इथोपिया में हुए हादसे में UN में काम करने वाले 21 कर्मचारियों की भी मौत हो गई थी। हम आगे कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।"

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अमेरिकन रेगुलेटर के फैसले को पलटते हुए बोइंग के 737 मैक्स विमानों की उड़ान पर रोक लगाने का ऐलान किया था। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी लोगों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। अमेरिका से पहले कई देशों ने अपने एयरस्पेस में बोइंग 737 मैक्स-8 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी थी। इसमें भारत समेत चीन, सिंगापुर, आयरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, अर्जेंटिना, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी और फ्रांस जैसे देश शामिल हैं। यह कदम यात्रियों की चिंताओं को देखते हुए उठाया गया था।

बता दें कि इथोपिया एयरलाइंस की फ्लाइट 302 (बोइंग 737 मैक्स-8) के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 157 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा विमान के टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद हुआ था। पिछले साल अक्टूबर में एक इंडोनेशियाई वाहक लायन एयरवेज का बोइंग 737 मैक्स 8 प्लेन इसी तरह की परिस्थिति में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 189 लोग मारे गए थे। एक रिपोर्ट के अनुसार दोनों ही विमानों के टेक ऑफ के समय वर्टिकल फ्लकचुएशन नजर आया, जो कि हादसे का मुख्य कारण था।


 

Similar News