चुनाव में जीत: फिर से राष्ट्रपति चुने जाने के बाद पुतिन की दहाड़, नाटो देश को कड़ी चेतावनी, कहा- तीसरा विश्वयुद्ध सिर्फ एक कदम दूर

  • पांचवी बार राष्ट्रपति चुने गए व्लादिमीर पुतिन
  • देश के नागरिकों का किया धन्यवाद
  • कहा - तीसरा विश्वयुद्ध सिर्फ एक कदम दूर

Ritu Singh
Update: 2024-03-18 10:43 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। व्लादिमीर पुतिन को एक बार फिर राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल हुई है। 17 मार्च को जारी किए गए चुनावी नतीजे में पुतिन को 87.8 प्रतिशत वोट मिले हैं। पुतिन ने भारी मतों के साथ पांचवी बार राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करते ही विस्फोटक बयान दिया है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि तीसरा विश्वयुद्ध सिर्फ एक कदम दूर है। दुनिया के तीसरे विश्वयुद्ध के कगार पर पहुंचने के लिए पुतिन ने नाटो देश को जिम्मेदार ठहराया है। चुनावी हेडक्वाटर्स से लोगों को संबोधित करते हुए पुतिन ने देश के नागरिकों का धन्यवाद किया।

तीसरे विश्व युद्ध की धमकी

फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों के यूक्रेन में सैनिक तैनात करने वाले बयान पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ऐसा करने पर पुतिन ने तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ने की धमकी देते हुए नाटो देश को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुतिन ने कहा कि अगर रूस और अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन नाटो के बीच युद्ध छिड़ता है तो तीसरे विश्व युद्ध का खतरा रहेगा। आपको बता दें कि पुतिन इससे पहले परमाणु बम की भी धमकी दे चुके हैं हालांकि, उनका मानना है कि यूक्रेन पर जीत हासिल करने के लिए इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।

कुछ समय पहले फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा था कि उनका देश रूस को यूक्रेन से युद्ध में जीतने नहीं देगा। उन्होंने इसके लिए यूक्रेन में सैनिकों की तैनाती की भी बात कही थी। पांचवी बार राष्ट्रपति चुने जाने के बाद पुतिन ने इस पर प्रतिक्रिया दिया है। पुतिन ने कहा, "'यह सभी के लिए स्पष्ट है कि ऐसा होने पर (यूक्रेन में सैनिकों की तैनाती) तीसरे विश्व युद्ध से चीजें बस एक कदम दूर होंगी। मुझे लगता है कि इसमें शायद ही किसी की दिलचस्पी हो।" हालांकि, उन्होंने युद्ध से कुछ फायदा नहीं होने की भी बात स्वीकार की है। पुतिन ने कहा कि इसमें (तीसरे विश्व युद्ध) कुछ अच्छा नहीं है और सबसे पहली बात यह है कि यूक्रेन के सैनिक बड़ी संख्या में मर रहे हैं।

Tags:    

Similar News