मौसम अलर्ट: उत्तर भारत के साथ मध्यप्रदेश में भी अगले दो दिन जारी रहेगा शीतलहर का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

  • मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड
  • मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
  • फसलों को नुकसान होने की बढ़ी संभावना

Anchal Shridhar
Update: 2024-01-20 20:12 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से मध्यप्रदेश में कंपकपाने वाली ठंड पड़ रही है। 20 जनवरी को आधा मध्यप्रदेश शीतलहर की चपेट में रहा। राज्य के शहडोल, जबलपुर, खजुराहो और नौगांव समेत दस स्थानों में कोल्ड डे की स्थिति रही। वहीं नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सतना और भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। साथ ही कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। विभाग के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के मौसम ने ऐसी करवट ली है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जमीन से 12 किमी ऊपर पर चल रही जेट स्ट्रीम और उत्तर से आई बर्फीली हवा की वजह से इस समय मध्य प्रदेश ठंड से ठिठुर रहा है। बता दें कि शनिवार को खजुराहो और जबलपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक लुढ़क गया। वहीं दिन का तापमान 14 डिग्री के आसपास रहा। इनके अलावा सतना के नौगांव में 15 डिग्री, उमरिया में 15.7 डिग्री और ग्वालियर में पारा 15.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन यहां दिन और रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार जताए हैं। वहीं अगर सबसे ज्यादा तापमान वाले स्थान की बात करें तो शनिवार को निमाड़ इलाके के खरगोन में सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भोपाल में 10 बजे से लगेंगे स्कूल

शीतलहर के चलते प्रशासन ने भोपाल के स्कूल की टाइमिंग में परिवर्तन किया है। कलेक्टर के आदेश के मुताबिक 31 जनवरी तक स्कूल सुबह 10 बजे से लगेंगे। वहीं कम तापमान होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच आई हैं। दरअसल, तापमान में दिनोंदिन कमी होने से पाला पड़ने की संभावना बढ़ जाती हैं जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचता है। खासकर बड़े पत्ते वाली सब्जियां इससे बुरी तरह प्रभावित होती हैं।

उत्तर भारत में भी ठंड का आतंक

उधर, उत्तर भारत में लोगों का ठंड से बुरा हाल है। यहां शीत लहर का असर इतना ज्यादा है कि सर्दी से बचाव के लिए किये जा रहे उपाय भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिन यहां के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई है।

Tags:    

Similar News