मौसम अलर्ट: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर-मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर-मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत
  • ठंड से कांप रहे देश के कई इलाके
  • दिल्ली कश्मीर से ज्यादा ठंडा
  • मध्यप्रदेश के कई स्थानों पर घना कोहरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड से उत्तर भारत समेत देश के कई इलाके ठिठुर रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले 4 से 5 दिन के बीच उत्तर भारत में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा विभाग ने देश उत्तर-पश्चिमी इलाके में शीतलहर चलने की संभावना भी व्यक्त की है। हालांकि इसके बाद ठंड की मार झेल रहे यहां के लोगों को कुछ राहत जरुर मिलेगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक चार से पांच दिन बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोत्तरी होगी, जिससे लोगों को भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कांप रही दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इन दिनों पहाड़ी राज्य कश्मीर से अधिक ठंड पड़ रही है। 13 जनवरी को जहां कश्मीर में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान इससे भी कम था। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। शीतलहर के अलावा घने कोहरे ने भी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट पर प्लेन को लैंडिंग और टेकऑफ करने में परेशानी आ रही है। आज सुबह तो दिल्ली एयरपोर्ट पर 7 फ्लाइट्स को दूसरे शहर डायवर्ट तक करना पड़ा। घने कोहरे का असर हवाई यातायात के अलावा सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ा है। कई ट्रेनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ा है। दर्जनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी लेट चल रही हैं। कोहरे की वजह से मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्राओं से बचने और सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है।

मध्यप्रदेश में कहीं धूप तो कहीं कोहरा

मध्यप्रदेश में रविवार को कहीं अत्याधिक ठंड तो कहीं कम ठंड रही। ग्वालियर, दतिया और रीवा सबसे ज्यादा ठंडे रहे। यहां सुबह और रात के समय कोहरा भी छाया रहा। वहीं राजधानी भोपाल और इंदौर में तेज धूप निकली। यहां मौसम साफ होने से तापमान में बढोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिन प्रदेश के कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाएगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोम की गतिविधियों के चलते बादल छाएंगे और तापमान में दोबारा कमी आएगी।

Created On :   14 Jan 2024 1:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story