हरियाणा में एक और बच्चे से दुष्कर्म, हत्या कर जंगल में दफनाया

हरियाणा में एक और बच्चे से दुष्कर्म, हत्या कर जंगल में दफनाया

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-11 13:31 GMT
हरियाणा में एक और बच्चे से दुष्कर्म, हत्या कर जंगल में दफनाया

डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद। रेयान इंटरनेशन स्कूल के प्रद्युम्न के बाद हरियाणा में एक और बच्चे से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना फरीदाबाद जिले की है। यहां सातवीं कक्षा के एक छात्र को स्कूल के पीछे स्थित जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने दुष्कर्म के बाद पकड़े जाने के डर से बच्चे की हत्या भी कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह घटना फरीदाबाद के राष्ट्रीय राजमार्ग नम्बर-2 पर स्थित एक सरकारी स्कूल की है।

फरीदाबाद जिले में आने वाला सीकरी गांव का 13 वर्षीय छात्र नीतेश (परिवर्तित नाम) कई दिनों से लापता चल रहा था। इस पर छानबीन के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी सूरज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसने नीतेश की हत्या कर दी है। शव की बरामदगी कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, पहले आरोपी सूरज सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय बच्चे नीतेश को बहला फुसला कर स्कूल के पीछे जंगल में ले गया। जहां उसने नीतेश के साथ दुष्कर्म किया और बाद में राज खुलने के डर से नीतेश की हत्या कर शव को जंगल में ही कहीं दफना दिया। फिलहाल आरोपी सूरज से पुलिस और पूछताछ कर रही है। 

नीतेश की मां से पूछे जाने पर यह मालूम हुआ कि 24 अगस्त को कोई व्यक्ति नीतेश को स्कूल से बुलाकर कहीं बहार ले गया था, जिसके बाद से ही नीतेश लापता चल रहा था। उसके अगले दिन परिवार वालों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर सूरज को गिरफ्तार कर लिया था, जिसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया। सूरज की निशानदेही के ही आधार पर पुलिस ने घटनास्थल से शव को भी बरामद कर लिया है।अधिकारी का कहना है कि सभी पहलूओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

Similar News