अहमद पटेल से मिले RLSP के कुशवाहा, महागठबंधन में हो सकते हैं शामिल

अहमद पटेल से मिले RLSP के कुशवाहा, महागठबंधन में हो सकते हैं शामिल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-15 14:55 GMT
अहमद पटेल से मिले RLSP के कुशवाहा, महागठबंधन में हो सकते हैं शामिल
हाईलाइट
  • RLSP अध्यक्ष उपेंद्रे कुशवाहा ने कांग्रेसी सांसद अहमद पटेल से मुलाकात की।
  • इससे पहले RLSP के दो विधायक NDA का साथ छोड़ने के निर्णय से नाखुश दिखे।
  • मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाह के महागठबंधन जॉइन करने की अटकलें तेज हो गई हैं।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। आगामी 2019 लोकसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति गर्माती जा रही है। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) ने नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) का साथ छोड़ दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में कांग्रेस के सांसद अहमद पटेल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाह के महागठबंधन जॉइन करने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, यह बात सामने नहीं आई है।

 

 

इससे पहले उनके ही पार्टी के दो विधायक NDA का साथ छोड़ने के निर्णय से नाखुश दिखे। इन दो विधायकों ने कुशवाहा के खिलाफ जाते हुए शनिवार को NDA के साथ रहने की घोषणा की है। इन दो विधायकों ने खुद को RLSP का असली नेता बताया है और पार्टी पर खुद का दावा भी ठोक दिया है। RLSP के सुधांशु शेखर और ललन पासवान नाम के दो विधायकों और पार्टी के इकलौते विधायक संजीव श्याम सिंह ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। 

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह NDA में थे और रहेंगे। उन्होंने कहा कि RLSP कभी भी NDA से अलग नहीं हुई और NDA में ही रहेगी। इन तीनों नेताओं ने RLSP का दावा ठोंकते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो वे लोग निर्वाचन आयोग से मिलकर अपनी बात रखेंगे। विधायक ललन पासवान ने कहा, सुधांशु शेखर जी को NDA में मंत्री बनाया जाना चाहिए। हम 2019 में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। अब उपेंद्र कुशवाह के साथ हमारा कोई संबंध नहीं है, वह महागठबंधन में चले गए हैं। कुशवाहा को न तो पार्टी से मतलब है और ना ही उन्हें बिहार से मतलब है। इन तीनों ने हालांकि यह भी कहा कि अगर NDA सरकार में प्रतिनिधित्व नहीं भी देती है, फिर भी वह NDA को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।

 

 

इससे पहले लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर NDA के दलों में घमासान छिड़ गया था। बिहार में NDA के सीट शेयरिंग फार्मूले के अनुसार RLSP को महज 2 सीट मिल रही थी। इससे पार्टी अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा नाराज हो गए थे और उन्होंने बीजेपी को सम्मानजनक सीटें देने के लिए 30 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया था। कुशवाहा ने पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मिलने की इच्छा भी जताई थी। हालांकि वह इन दोनों से नहीं मिल सके और NDA छोड़ने का ऐलान कर दिया था। 

Similar News