मणिपुर: स्टडी टूर में लड़कियों के साथ अश्लील डांस करते दिखे बिहार के विधायक

मणिपुर: स्टडी टूर में लड़कियों के साथ अश्लील डांस करते दिखे बिहार के विधायक

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-10 09:47 GMT
मणिपुर: स्टडी टूर में लड़कियों के साथ अश्लील डांस करते दिखे बिहार के विधायक
हाईलाइट
  • दावा किया गया विधायकों ने शराब के नशे में लड़की के साथ जबरन डांस किया
  • बिहार के विधायकों का एक वीडियो सामने आया है
  • स्टडी टूर पर मणिपुर पहुंचे थे बिहार के चार विधायक

डिजिटल डेस्क, इम्फाल। बिहार के विधायक मणिपुर में लड़कियों के साथ जबरन अश्लील डांस करते नजर आए हैं। दरअसल स्टडी टूर पर मणिपुर पहुंचे विधायकों का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दावा किया गया है कि, विधायक शराब के नशे में धुत होकर लड़कियों के साथ जबरन नाच रहे हैं। लड़कियों के साथ अश्लील हरकत भी कर रहे हैं।

मामला इंडिया-म्यांमार बॉर्डर के मोरेह टाउन का है। बिहार के चार विधायकों का एक दल 1 जून को मणिपुर पहुंचा था। जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि, विधायक लड़की के साथ जबरन अश्लील डांस कर रहे हैं। विधायक जबरदस्ती लड़की को गले लगाने की भी कोशिश करते नजर आए। इम्फाल टाइम्स में प्रकाशित खबर के मुताबिक, लड़की कम उम्र की है। ये विधायक लड़की के कंधे पर जबरन हाथ रख रहे हैं। लड़की उनके हाथ को हटाने की कोशिश करती हुई दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, आरजेडी के विधायक यदुवंशी कुमार यादव और राजा पाकर से आरजेडी विधायक शिव चंद्र, बीजेपी विधायक सचिन प्रसाद सिंह और जेडीयू विधायक राज कुमार स्टडी टूर पर गए थे। बिहार के पिपरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक यदुवंशी के नेतृत्व में विधायकों की यह टीम स्टडी टूर के लिए मणिपुर पहुंची थी। बीजेपी के सचिन प्रसाद सिंह कल्याणपुर पूर्वी चम्पारण से विधायक हैं। जेडीयू के राज कुमार राय हसनपुर समस्तीपुर और आरजेडी के राजा पाकर वैशाली से विधायक हैं।

एनडीए सरकार के ईस्ट पॉलिसी एक्ट के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए विधायकों की यह टीम मोरेह टाउन पहुंची थी। कहा जा रहा है, इन विधायकों को मणिपुर विधानसभा से जुड़े कर्मचारियों द्वारा गाइड किया गया था। रिपोर्ट में दावा किया गया है, यह पहला मामला नहीं है जब इस तरह की घटना सामने आई है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां पर कई वीआईपी और वीवीआईपी इस बॉर्डर टाउन को सेक्स डेस्टिनेशन के रूप में देखते हैं। 

Tags:    

Similar News