प्रियंका गांधी के खिलाफ किया था अश्लील ट्वीट, युवक अरेस्ट

प्रियंका गांधी के खिलाफ किया था अश्लील ट्वीट, युवक अरेस्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-04 11:54 GMT
प्रियंका गांधी के खिलाफ किया था अश्लील ट्वीट, युवक अरेस्ट
हाईलाइट
  • प्रियंका गांधी के खिलाफ अश्लील ट्वीट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
  • युवक का नाम योगी संजय नाथ है।
  • सामाजिक कार्यकर्ता शाहीन सैयद ने बिहार साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट में इस मामले को लेकर शिकायत की थी।

डिजिटल डेस्क, पटना। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ अश्लील ट्वीट करने के आरोप में बिहार के कटिहार जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक का नाम योगी संजय नाथ है। सामाजिक कार्यकर्ता शाहीन सैयद ने बिहार साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट में इस मामले को लेकर शिकायत की थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। नाथ के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 420/292(A) और आईटी एक्ट 67 के तहत केस (99/19, 2 फरवरी,2019) दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

कटिहार टाउन के स्टेशन हाउस ऑफिसर रंजन कुमार ने कहा कि "योगी संजय नाथ विनोदपुर का रहने वाला है। हमें नाथ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया था।"  नाथ ने प्रिंयका गांधी को लेकर पिछले महीने 30 जनवरी को आपत्तिजनक ट्ववीट किया था। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने आरोपी सूरजनाथ की लोकेशन को ट्रेस किया और फिर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद नाथ को जेल भेज दिया गया है।

नाथ ने जो अश्लील ट्वीट किया था उसमें प्रियंका की फोटोशॉप की हुई तस्वीर भी लगी थी। कुछ ट्विटर यूजर्स ने उसे ट्वीट डिलीट करने को कहा तो कइयों ने प्रतिक्रिया में गालियां और धमकियां दीं थी। नाथ के ट्विटर हैंडल @yogisanjaynath पर विश्‍वास करें तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थक है। उसका आखिरी ट्वीट भी नरेंद्र मोदी के समर्थन में है। उसने प्रियंका गांधी ही नहीं, राहुल गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक पोस्‍ट किए हैं।

ये मामला ऐसे समय में सामने आया है जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी सक्रिय रूप से राजनीति में शामिल हुई है और लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान उन्हें सौंपी गई है। बता दें कि प्रियंका गांधी के सक्रीय राजनीति में आने के बाद उनपर कुछ बीजेपी नेताओं ने भी सेक्सिस्ट रिमार्क किए थे।

Similar News