लोकसभा चुनाव: BJP-JDU के बीच सीटों पर बनी सहमति, नीतीश बोले- जल्द होगा ऐलान

लोकसभा चुनाव: BJP-JDU के बीच सीटों पर बनी सहमति, नीतीश बोले- जल्द होगा ऐलान

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-16 16:19 GMT
लोकसभा चुनाव: BJP-JDU के बीच सीटों पर बनी सहमति, नीतीश बोले- जल्द होगा ऐलान
हाईलाइट
  • BJP ने बिहार में भी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति बना ली है।
  • खबर है कि इस पूरे मामले में जो देरी हो रही है
  • उसकी असल वजह उपेंद्र कुशवाहा हैं।
  • बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।

डिजिटल डेस्क, पटना। लोकसभा चुनाव 2019 को ध्यान में रखते हुए केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने NDA के साथी दलों को साधने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी कड़ी में BJP ने बिहार में भी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति बना ली है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी। बता दें कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर काफी दिनों से बयानबाजी हो रही थी और नेताओं के बीच आपसी मतभेद देखने को भी मिल रहे थे।

नीतीश कुमार ने रविवार को राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में खुद इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि BJP अध्यक्ष अमित शाह से उनकी बातचीत हो गई है। 12 जुलाई को जब अमित शाह पटना आए थे उसी दौरान इस पूरे मुद्दे पर हमारी बात हुई थी। नीतीश ने कहा कि सीट संख्या को लेकर कुछ दिनों के बाद ऐलान कर लिया जाएगा।

JDU नेता आरसीपी सिंह ने बताया, "दोनों दलों के बीच लोकसभा चुनाव 2019 में सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही थी, जो पूरी हो चुकी है। आपको इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक जानकारी मिल जाएगी।"

उपेंद्र कुशवाहा की वजह से हो रही देरी
सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस पूरे मामले में जो देरी हो रही है, उसकी असल वजह राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी और उसके अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा हैं। BJP उन्हें इस बार दो सीट देने के मूड में है, जबकि वर्तमान में उपेंद्र की पार्टी के तीन सांसद लोकसभा में मौजूद हैं। उपेंद्र को अगर कम सीटें मिली तो वे महागठबंधन का हिस्सा भी बन सकते हैं।

कुछ इस तरह हो सकता है बंटवारा
माना जा रहा है कि JDU 12, BJP 20, पासवान को 6 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अगर कहीं उपेंद्र कुशवाहा अपना मूड बदलते हैं और NDA से अलग होते हैं तो फिर समीकरण बदल सकते हैं। इसके बाद बंटवारा कुछ इस तरह होगा कि JDU को 14, BJP को 20 और लोजपा को 6 सीटें मिल सकती हैं। NDA का मूड है कि इस बार एक सीट जहानाबाद अरुण कुमार की पार्टी को भी दी जाए, मगर इस पर सभी पार्टियों ने अपनी असहमति जताई है।

गौरतलब है कि अमित शाह 12 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना आए थे। उस समय यह कहा गया था कि चार हफ्तों में यानि एक महीने के अंदर सीटों का बंटवारा हो जाएगा। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक प्रेस कांफ्रेंस में ये बात कही थी, लेकिन अब 2 महीने हो गए। दो महीने बाद भी इन दोनों पार्टियों के बीच इस मामले में कोई आधिकारिक रूप से कुछ सामने नहीं आया है।

Similar News