जब कर्नाटक में बीजेपी सरकार थी, तब भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए थे : राहुल गांधी

जब कर्नाटक में बीजेपी सरकार थी, तब भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए थे : राहुल गांधी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-11 17:14 GMT
जब कर्नाटक में बीजेपी सरकार थी, तब भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए थे : राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, कोप्पल। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी खुद इस समय कर्नाटक के 4 दिवसीय दौरे पर हैं। राहुल ने रविवार को यहां लिंगायतों के प्रसिद्ध गवि सिध्देश्वर मठ के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने कोप्पल में जनसभा को संबोधित करते हुए कर्नाटक में पूर्व की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा जब राज्य में सत्ता में थी तब एक के बाद कई घोटाले हुए, खनन से लेकर अलग अलग तरह के कई घोटाले सामने आए, इतने घोटाले हुए कि सारे रिकॉर्ड टूट गए।

राहुल ने कहा, "राज्य की पिछली भाजपा सरकार ने घोटाले के सारे विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसके विपरीत कांग्रेस की 5 साल की सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार ने घोटाला मुक्त शासन दिया है। इस बार भी कांग्रेस पार्टी और सिद्धारमैया जी को समर्थन दीजिए और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को चुनिए।"

राहुल ने यह भी कहा कि कर्नाटक में बीजेपी की पिछली सरकार में तीन मुख्यमंत्री हुए और चार मंत्रियों को जेल जाना पड़ा। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीजेपी कितनी भ्रष्ट पार्टी है।

गौरतबल है कि कर्नाटक में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कर्नाटक उन 4 राज्यों में से एक है, जहां कांग्रेस की सरकार है। बीजेपी को यहां वापसी की उम्मीद है। साउथ इंडिया का कर्नाटक ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां बीजेपी सत्ता में रह चुकी है। कर्नाटक में अभी कांग्रेस की सरकार है और सिद्धारमैया मुख्यमंत्री हैं। 2013 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने यहां की 224 सीटों में से 122 सीटें जीती थी, जबकि बीजेपी ने 40 और एचडी देवगौडा की जनता दल (सेक्यूलर) ने भी 40 सीटों पर कब्जा किया था। विधानसभा चुनावों में बीजेपी भले ही कुछ खास न कर पाई हो, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने यहां की 28 सीटों में से 17 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ 9 सीटें ही गई थी।

Similar News