भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ पर ज्यादा : अखिलेश

भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ पर ज्यादा : अखिलेश

IANS News
Update: 2020-11-16 16:31 GMT
भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ पर ज्यादा : अखिलेश
हाईलाइट
  • भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ पर ज्यादा : अखिलेश

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ साधने पर ज्यादा रहता है। इस कारण प्रशासनिक मशीनरी भी सुस्त रहती है।

अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा राज में जनसामान्य पर चौतरफा मार पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि, प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त होना है। भाजपा नेता तो बेलगाम हो गए हैं। भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ साधने पर ज्यादा रहता है। इस कारण प्रशासनिक मशीनरी भी सुस्त रहती है। जनता की कठिनाइयों के समाधान में भाजपा की दिलचस्पी नहीं होने से विकास कार्य अवरुद्ध हैं। प्रदेश लगातार प्रगति की दिशा में पिछड़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि, महंगाई की मार से हर कोई परेशान है। भाजपा सरकार बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्या जैसे अमानवीय अपराधों पर रोक लगाने में अक्षम साबित हुई है। व्यापारी लुट रहे हैं और किसान जान गंवा रहे हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि, बस्ती में एक दलित बच्ची का अपहरण के बाद दुष्कर्म और फिर हत्या की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। बेटियों की सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खोखले दावे किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को इसकी जवाबदेही देनी होगी। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में व्यापारी लूट, अपहरण और हत्या के शिकार हुए हैं। खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद में लूट और दुष्कर्म के कई मामले सामने आए हैं। कई भाजपा नेता अवैध शराब, देह व्यापार और दूसरी अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। सत्ताशीर्ष पर बैठे नेता इन्हें बचाते हैं। भाजपा सरकार के जनविरोधी कामों से जनता में तीव्र आक्रोश है। जनता का यह आक्रोश 2022 में परिवर्तन पर मुहर लगाएगा।

वीकेटी/एएनएम

Tags:    

Similar News