लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हादसा, कई गाड़ियां आपस में टकराई

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हादसा, कई गाड़ियां आपस में टकराई

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-19 06:52 GMT
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर हादसा, कई गाड़ियां आपस में टकराई

डिजिटल डेस्क, उन्नाव। नॉर्थ इंडिया में पड़ रही ठंड का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह ठंड और घने कोहरे की वजह से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर कई गाड़ियां आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

आपस में टकराई कई गाड़ियां

जानकारी के अनुसार लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर करीब 10 गाड़ियां तेज रफ्तार में आज सुबह एक-दूसरे से टकराती चली गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई। घायलों को गंजमुरादाबाद के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के चलते काफी देर तक ट्राफिक प्रभावित रहा। हालांकि बाद में दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ियों को हाइवे से हटाकर ट्राफिक को दोबारा सामान्य किया गया।

 

[removed][removed]

 

 

यमुना एक्सप्रेस वे पर भी हुआ था हादसा

इससे पहले यमुना एक्सप्रेस वे पर भी कोहरे की वजह से हादसा हुआ था। यहां पर कोहरे और धुंध की वजह से एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकरा गई थी। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था। कई लोग इस हादसे में घायल हो गए थे।

 

पूरे नार्थ इंडिया में ठंड का कहर

बता दें कि पूरे नार्थ इंडिया में शीतलहर का प्रकोप है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.6 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था वहीं न्यूनतम तापमान करीब 7.5 डिग्री सेल्सियस था।  रविवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान में कमी आने और पछुआ हवा के चलने से पिछले दिनों के मुकाबले ठंड का अहसास अधिक हो रहा है। सुबह के समय में धुंध और कोहरा भी देखा जा रहा है।

वहीं मंगलवार को लखनऊ में पारा 7.3 और इलाहाबाद में 10.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मुरादाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5 और अधिकतम 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

ट्रेन और फ्लाइट्स पर भी कोहरे की मार

नार्थ इंडिया की ठंड का प्रभाव ट्रेनों पर भी पड़ा है। यहां पर कई ट्रेने घंटों की देरी से चल रही है। वहीं कुछ को रद्द भी किया गया है। कई फ्लाइट्स के शेड्यूल भी घुंध के कारण गड़बड़ा गए है। यात्रियों को इस कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

Similar News