जांच करने पहुंची CBI टीम को लाठी-डंडों से पीटा, FIR दर्ज

जांच करने पहुंची CBI टीम को लाठी-डंडों से पीटा, FIR दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-23 17:37 GMT
जांच करने पहुंची CBI टीम को लाठी-डंडों से पीटा, FIR दर्ज
हाईलाइट
  • अधिकारियों ने बताया कि यह मामला 2014 के जमीन धोखाधड़ी से जुड़ा है।
  • आरोपी अधिकारी के रिश्तेदारों ने CBI अधिकारियों पर हमला कर दिया और उन्हें खदेड़ दिया।
  • जमीन विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए पहुंची CBI टीम को लाठी-डंडों से पीटा गया।

डिजिटल डेस्क, नोएडा। पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस द्वारा CBI को हिरासत में लेने के बाद एक और विचित्र घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के एक गांव में जमीन विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए पहुंची CBI टीम को लाठी-डंडों से पीटा गया। इस मामले में आरोपी अधिकारी के रिश्तेदारों ने CBI अधिकारियों पर हमला कर दिया और उन्हें खदेड़ दिया। 

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला 2014 के यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के जमीन धोखाधड़ी से जुड़ा है। इस मामले में आरोपी भी एक CBI अधिकारी ही है। जब टीम गांव पहुंची तो आरोपी CBI अधिकारी के रिश्तेदारों ने हमला कर दिया। CBI टीम ने रिश्तेदारों से बात करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। इस दौरान उन्होंने लाठी और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कुछ अधिकारी घायल भी हो गए। CBI टीम में एक महिला कांस्टेबल भी शामिल थी। इस दौरान आरोपी वहां से फरार हो गया। 

CBI अधिकारी ने बताया कि इस दौरान रिश्तेदारों ने कुछ CBI अधिकारियों के फोन और पहचान-पत्र भी जला दिए। इसके बाद अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन जाकर FIR दर्ज करवाया। बता दें कि इस मामले में करीब 126 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। इसी महीने CBI ने गाजियाबाद में तैनात अपने दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

CBI की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त बनाए गए दोनों CBI अधिकारी पहले इस मामले की छानबीन कर रहे थे। दोनों के खिलाफ एंटी करप्शन लॉ और आपराधिक साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस दौरान दो आरोपियों में से एक CBI इंस्पेक्टर वी एस राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं एडीशनल सब इंस्पेक्टर सुनील दत्त फरार चल रहा था। CBI की पांच सदस्यों की टीम सुनील को ही तलाशने गई थी। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया कि बदसलूकी के लिए कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Similar News