के. सिवन ISRO के चेयरमैन नियुक्त, 104 उपग्रह भेजकर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

के. सिवन ISRO के चेयरमैन नियुक्त, 104 उपग्रह भेजकर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-10 15:23 GMT
के. सिवन ISRO के चेयरमैन नियुक्त, 104 उपग्रह भेजकर बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने बुधवार को जाने माने वैज्ञानिक के सिवन को इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) का चेयरमैन नियुक्त किया है। वे ए. एस. किरण कुमार के स्थान पर नियुक्त किए गए हैं। कैबिनेट की अपाइंटमेंट कमिटी ने उन्हें डिपार्टमेंट ऑफ स्पेस के सचिव और स्पेस कमिशन के  चेयरमैन पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। वे 3 साल तक इस पद पर बने रहेंगे।

वर्तमान में सिवन विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र में निदेशक हैं। उन्होंने साल 1980 में मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया और साल 1982 में बेंगलुरु के आईआईएससी से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने साल 2006 में आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में अपनी पीएचडी पूरी की।

के सिवन के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज है। इसरो द्वारा एक ही मिशन में 104 उपग्रह भेजने में उनका बड़ा योगदान था। के सिवन वह प्रमुख व्यक्ति थे जिन्होंने सैटेलाइट को कक्षा में भेजने के लिए तकनीक पर काम का नेतृत्व किया था। गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में भारत ने एक ही बार में 104 उपग्रहों का सफल तरीके से उनकी कक्षा में पहुंचाया था। यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड था।

सिवन अब तक कई पुरस्कारों से सम्मानित किए जा चुके हैं। चेन्नई की सत्यभामा यूनिवर्सिटी ने अप्रैल 2014 में उन्हें डॉक्टर ऑफ साइंस उपाधि दी। इससे पहले साल 1999 में उन्हें डॉ विक्रम साराभाई रिसर्च अवॉर्ड से नवाजा जा चुका था।

सिवन साल 1982 में इसरो में आए। उन्होंने पीएसएलवी परियोजना, एंड टू ऐंड मिशन प्लानिंग, मिशन डिजाइन, मिशन इंटीग्रेशन ऐंड ऐनालिसिस पर काफी काम किया। सिवन इंडियन नेशनल ऐकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग, एयरोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया और सिस्टम्स सोसाइटी ऑफ इंडिया में फैलो भी हैं। कई जर्नल में उनके पेपर प्रकाशित होते रहे हैं।

Similar News