ग्लोबल समिट से दीपिका ने वापस लिया नाम, क्या है वजह ?

ग्लोबल समिट से दीपिका ने वापस लिया नाम, क्या है वजह ?

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-20 16:11 GMT
ग्लोबल समिट से दीपिका ने वापस लिया नाम, क्या है वजह ?

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। देशभर में फिल्म पद्मावती के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। कई संगठन और राजनेता फिल्म पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। फिल्म में पद्मावती का किरदार निभा रही एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। दरअसल 28 नवंबर को हैदराबाद में होने वाली ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप समिट (GES) से दीपिका ने अपना नाम वापस ले लिया है। इस समिट में प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप भी शामिल हो रही हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर अब तक ये नहीं बताया गया है कि दीपिका ने समिट से अपना नाम किन कारणों से वापस लिया है।

हैदराबाद में होने वाली GES में दुनियाभर से 1500 एंटरप्रेन्योर्स शामिल हो रहे हैं। इस समिट में एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को स्पीच देने के लिए इन्वाइट किया गया था। दीपिका ने पहले इसके लिए हामी भरी थी, लेकिन बाद में इनकार कर दिया। दरअसल समिट में फिल्मों को लेकर एक खास सेशन होना था। इसका टाइटल "हॉलीवुड टू नोलीवुड- द पाथ टू मूवी मेकिंग" है। आपको बता दें कि नाइजीरिया की फिल्म इंडस्ट्री को नोलीवुड के नाम से जाना जाता है। दीपिका के इस समिट के हटने की वजह फिल्म पद्मावती का विवाद ही माना जा रहा है।

तेलंगाना सरकार के एक अफसर ने इस खबर पर मुहर लगाई है। इस अफसर के मुताबिक दीपिका ने समिट से नाम वापस ले लिया है। पहले दीपिका ने खुद ही इसकी मंजूरी दी थी कि वह समिट में शामिल होंगी, लेकिन बाद में मना कर दिया। आधिकारिक तौर पर ये जानकारी नहीं दी गई है कि दीपिका ने अचानक समिट से नाम वापस क्यों लिया।

भारत और अमेरिका मिलकर GES का आयोजन कर रहे हैं। सरकार मान रही है कि यह कार्यक्रम न सिर्फ उसकी स्टार्ट अप इंडिया योजना को सफल बनाने में मददगार साबित होगी बल्कि दुनिया में नई संभावनाओं वाली उद्यमिता में भारत को नया मुकाम देगी। इसकी थीम वुमन फस्ट, प्रोस्पेरिटी फॉर ऑल है। ये समिट तीन दिनो तक चलेगी। इवांका ट्रप और प्रधानमंत्री मोदी समिट के पहले दिन 28 नवंबर को इसमे शामिल होंगे।

Similar News