छत्‍तीसगढ़ के पूर्व मंत्री हेमचंद यादव का एम्‍स में इलाज के दौरान निधन

छत्‍तीसगढ़ के पूर्व मंत्री हेमचंद यादव का एम्‍स में इलाज के दौरान निधन

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-11 04:30 GMT
छत्‍तीसगढ़ के पूर्व मंत्री हेमचंद यादव का एम्‍स में इलाज के दौरान निधन

डिजिटल डेस्क, दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन में दो बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हेमचंद यादव का मंगलवार देर शाम दिल्‍ली में निधन हो गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हेमचंद यादव को पेट में इंफेक्शन के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था। लंबे समय से वह इस समस्या से पीड़ित थे। हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स में आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।  

 

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे उन्‍होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय अस्पताल में ही मौजूद थे। शाम को विमान द्वारा उनका शव छत्‍तसीगढ़ लाया जाएगा। 12 अप्रैल को हेमचंद यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

हेमचंद यादव के निधन की सूचना से उनके गृह नगर दुर्ग भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित तमाम आला नेताओं ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। सीएम ने कहा कि "श्री यादव सार्वजनिक जीवन मे रहते हुए तथा एक मंत्री के रूप में लंबे समय तक जनता की सेवा की। वे मेरे निकट सहयोगी थे। उनका आकस्मिक निधन हम सबके लिए गहरा आघात है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। 

 

 

युवा जनता कांग्रेस के वाइस प्रेसीडेंट अजीतेश मिश्रा ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।

 

बीजेपी के बंशीलाल महतो ने भी अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। हेमचंद यादव जी के स्वर्गवास की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूं।

Similar News