देश भर के थानों में बनाई जाएगी वूमेन हेल्प डेस्क, निर्भया फंड से 100 करोड़ रुपये मंजूर

देश भर के थानों में बनाई जाएगी वूमेन हेल्प डेस्क, निर्भया फंड से 100 करोड़ रुपये मंजूर

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-05 16:40 GMT
देश भर के थानों में बनाई जाएगी वूमेन हेल्प डेस्क, निर्भया फंड से 100 करोड़ रुपये मंजूर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को निर्भया फंड से 100 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने की घोषणा की। देश भर के पुलिस थानों में महिला सहायता डेस्क की स्थापना और रखरखाव के लिए ये फंड स्वीकृत किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी यह आदेश देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UT) के लिए है।

ये महिला हेल्प डेस्क पुलिस स्टेशनों में स्थापित की जाएंगी ताकि उन्हें अधिक महिला-अनुकूल बनाया जा सके। कोई भी महिला जो शिकायत दर्ज करना चाहती है, वह अन्य पुलिस से संपर्क करने के बजाय महिला हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकती है। इन डेस्क को मुख्य रूप से महिला अधिकारी प्रबंधित करेंगी।

डेस्क पर काम करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील होने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। वकील, मनोवैज्ञानिक और एनजीओ भी महिला हेल्प डेस्क का हिस्सा होंगे। वकील और मनोवैज्ञानिक शिकायतकर्ताओं को मानसिक और कानूनी सहायता प्रदान करेंगे।

एक आरटीआई के जवाब से पता चला है कि देश में 30 फीसदी से कम निर्भया फंड का इस्तेमाल किया गया है। फंड की कुल राशि लगभग 3,100 करोड़ रुपये बताई जाती है। महिला और बाल विकास मंत्रालय (डब्ल्यूसीडी) ने अपने जवाब में कहा कि निर्भया फंड से केवल 825 करोड़ रुपये का उपयोग किया गया है।

साइबराबाद में एक वैटिनरी डॉक्टर के साथ गैंगरेप और हत्या की वारदात के सामने आने के बाद गृह मंत्रालय ने ये घोषणा की गई है। इस घटना को लेकर देशभर के नागरिक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, अपराधियों के खिलाफ सख्त कानून बनाने और महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से बलात्कार के कई मामलों के सामने आने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गुरुवार को एक बलात्कार पीड़ित को पांच लोगों ने जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की। पीड़िता के शरीर का 90 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है। पीड़िता जलने के बाद एक किलोमीटर तक मदद के लिए भागी थी। उसने खुद ही पुलिस को कॉल भी किया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें शिवम त्रिवेदी, उसके पिता रामकिशोर, शुभम त्रिवेदी, हरिशंकर और उमेश वाजपेयी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News