ग्रेटर नोएडा : महिला की हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा : महिला की हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार

IANS News
Update: 2020-03-06 10:00 GMT
ग्रेटर नोएडा : महिला की हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार
हाईलाइट
  • ग्रेटर नोएडा : महिला की हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर, 6 मार्च (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अरिहंत आर्डन सोसाइटी में महिला नीरजा (49) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सिलसिले में पुलिस ने महिला के एक दोस्त को ही गिरफ्तार किया है। महिला का सिर कुचला हुआ शव गुरुवार को उसी के फ्लैट में पड़ा मिला था। हत्या के आरोप में गिरफ्तार शख्स महिला का ही दोस्त निकला। रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा हत्या की वजह बना।

डीसीपी (नोएडा सेंट्रल) ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, महिला की हत्या के आरोप में पकड़े गए शख्स का नाम राघव है। आरोपी बीते करीब ढाई साल से महिला के साथ था। राघव की महिला से दोस्ती लाइक एप के जरिए हुई थी। बाद में दोनो के बीच घनिष्ठ संबंध बन गए। आरोपी ने महिला के फ्लैट में बेरोक-टोक आना जाना शुरू कर दिया था।

पकड़ा गया युवक महिला के लगातार संपर्क में था। इसका खुलासा पुलिस ने महिला के फ्लैट के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में मिले फूटेज से किया है। डीसीपी के मुताबिक, घटना वाले दिन महिला का आरोपी से रुपयों के लेनदेन पर झगड़ा हुआ था। गुस्साए युवक ने महिला को उसके फ्लैट में ही सिर कुचलकर मार डाला और फरार हो गया। इस बाबत पुलिस ने बिसरख थाने में हत्या का मामला दर्ज किया है।

डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) हरीश चंदर के मुताबिक, मामले का भांडा तब फूटा जब गुरुग्राम में नौकरी करने वाला, महिला का बेटा दफ्तर से फ्लैट पर पहुंचा। फ्लैट के बाहर से ताला लगा हुआ था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर बेटे ने मां का शव पड़ा देखा। तब उसने पुलिस को खबर की। घटना गुरुवार को दिन में किसी वक्त की है।

Tags:    

Similar News