देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर, दिल्ली में अगले 7 दिनों तक चलेगी लू

देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर, दिल्ली में अगले 7 दिनों तक चलेगी लू

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-30 10:14 GMT
देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर, दिल्ली में अगले 7 दिनों तक चलेगी लू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत लू की चपेट में आ गया है। यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और राजस्थान में गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कई जगहों पर तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। गुरुवार को यूपी की राजधानी लखनऊ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। यह इस महीने का अधिकतम तापमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ह्यूमिडिटी 41 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। 

देश के अलग अलग हिस्सों में गर्म हवाएं चल रही हैं। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पश्चिम राजस्थान के दूरदराज क्षेत्रों में भी तेज लू चल रही है। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य का दूसरा सबसे गर्म स्थान 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ चुरू रहा। बुधवार को चूरू में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से चार डिग्री अधिक है। दिल्ली और इससे सटे एनसीआर के शहरों नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गाजियाबाद और गुरुग्राम में 46 डिग्री के आसपास रहा।

Tags:    

Similar News