हमें विश्व गुरू बनना है, दूसरों को डराके बलवान नहीं : राजनाथ सिंह

हमें विश्व गुरू बनना है, दूसरों को डराके बलवान नहीं : राजनाथ सिंह

Bhaskar Hindi
Update: 2018-02-14 07:31 GMT
हमें विश्व गुरू बनना है, दूसरों को डराके बलवान नहीं : राजनाथ सिंह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि हम दूसरे देशों में रहने वाले लोगों के दिलों में दहशत पैदा करने के लिए बलवान नहीं बनना चाहते हैं, बल्कि हम विश्व गुरू बनना चाहते हैं। राजनाथ ने ये बात बीजेपी की "जल-मिट्टी रथ यात्रा" को हरी झंडी दिखाते हुए कही। दरअसल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दिल्ली में लाल किले के पास "राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ" करने जा रही है। इससे पहले यज्ञ कुंडों के लिए देश के कोने-कोने से जल और मिट्टी लाई जाएगी।

 



हम वसुधैव कुटुंबकम की बात करते हैं

जल-मिट्टी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने पहुंचे गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि "हम दूसरे देशों में रहने वाले लोगों के दिलों में दहशत पैदा करने के लिए बलवान नहीं बनना चाहते हैं, बल्कि हम विश्व गुरू बनना चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि "ये यज्ञ देश की एकता और अखंडता के लिए किया जा रहा है। हम विश्व कल्याण के लिए काम करते हैं और हमारा देश वसुधैव कुटुंबकम की बात करता है।" हाल ही में आर्मी कैंप में हुए आतंकी हमलों पर बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि "भरोसा रखिए, हम देश के जवानों का सिर नहीं झुकने देंगे।"

 

 

108 यज्ञ कुंड बनाए जाएंगे

राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ के लिए 108 यज्ञ कुंडों का निर्माण किया जाएगा। बीजेपी की जल-मिट्टी रथ यात्रा देश की सीमाओं से जाकर मिट्टी और जल इकट्ठा करेगी और इससे ही यज्ञ कुंड तैयार होंगे। इन कुंडों के लिए जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर और डोकलाम से भी मिट्टी और जल को लाया जाएगा। देशभर से मिट्टी-जल इकट्ठा होने के बाद दिल्ली के लाल किले में बीजेपी "राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ" का आयोजन करेगी।

1111 ब्राह्मण करेंगे 2.25 करोड़ मंत्रों का उच्चारण

बताया जा रहा है कि देशभर से जल और मिट्टी आने के बाद 18 से 25 मार्च तक लाल किले के पास "राष्ट्रीय रक्षा महायज्ञ" किया जाएगा। कहा ये भी जा रहा है कि 108 यज्ञ कुंडों में 1111 ब्राह्मण 2.25 करोड़ मंत्रों का उच्चारण करेंगे। जानकारों की मानें तो कई सालों बाद इतने बड़े स्तर पर इस तरह के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस यज्ञ के जरिए बीजेपी 2019 के आम चुनावों का बिगुल फूंकने की तैयारी में है।

 



पीएम और राष्ट्रपति को भी निमंत्रण

लाल किले में होने वाले इस महायज्ञ मे देशभर के साधु-संतों समेत आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति राममनाथ कोविंद को भी इनवाइट किया गया है। इनके अलावा इस यज्ञ में देशभर के बिजनेसमैन और नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

बीजेपी सांसद करवा रहे हैं यज्ञ

बीजेपी सांसद महेश गिरी खुद इस महायज्ञ के आयोजन में जुटे हुए हैं और बताया जा रहा है कि इसके लिए उन्होंने अपने घर में एक ऑफिस भी बनाया हुआ है। महेश गिरी ने मीडिया को बताया कि "आज हर कोई हमारे देश का बुरा चाह रहा है और इस यज्ञ से उन सभी शत्रुओं का विनाश होगा, चाहे वो भीतरी शत्रु हो या बाहरी शत्रु। इस यज्ञ में देश की जनता भी हिस्सा लेगी।" उन्होंने बताया कि "इन मंत्रों के उच्चारण से देश की सुरक्षा व्यवस्था, महिला सुरक्षा और पर्यावरण रक्षा जैसे संकल्प पूरे होंगे।"
 

 

Similar News