अशोक खेमका का एक और तबादला, 24 साल के करियर में 51वां ट्रांसफर

अशोक खेमका का एक और तबादला, 24 साल के करियर में 51वां ट्रांसफर

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-12 19:03 GMT
अशोक खेमका का एक और तबादला, 24 साल के करियर में 51वां ट्रांसफर

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा के IAS अफसर अशोक खेमका का एक बार फिर ट्रांसफर हो गया है। 24 साल की नौकरी में यह उनका 51वां ट्रांसफर है। उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से हटाकर खेल मंत्री अनिल विज के विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वे अब खेल एवं युवा मामलों के प्रिंसिपल सेक्रेटरी होंगे। उनके समेत हरियाणा सरकार ने कुल 13 आईएएस अफसरों का ट्रांसफर किया है।

अशोक खेमका ने अपने ट्रांसफर की जानकारी खुद ट्वीटर पर पोस्ट डालकर दी। उन्होंने लिखा, "बहुत सारे कामों की योजनाएं बनाई थी कि अचानक एक और ट्रांसफर की न्यूज मिल गई। एक बार फिर क्रेश लैंडिंग हो गई। निहित स्वार्थों की जीत हो गई। यह टेम्पररी है। काम नए उत्साह और ऊर्जा के साथ आगे जारी रहेगा।"
 


बता दें कि अशोक खेमका आईआईटी खड़गपुर से ग्रैजुएट हैं। उन्होंने  मुंबई के टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च से कंप्यूटर साइंस में पीएचडी हासिल की। अशोक खेमका 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी गिनती बेहद ईमानदार अधिकारियों में होती है। वे जिस विभाग में रहे, वहां भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का उन्होंने खुलकर विरोध किया। अशोक खेमका की पहली पोस्टिंग 1993 में हुई थी। उनकी ज्यादातर पोस्टिंग एक साल भी पूरा नहीं कर पाईं। इनमें 8 ऐसी पोस्ट भी थी, जो एक महीने से भी कम की रहीं।

गौरतलब है कि 2012 में अशोक खेमका तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा और रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ के बीच हुए 58 करोड़ रुपये के जमीन सौदे की म्यूटेशन को खारिज कर मामले की जांच का आदेश दे दिया था। 

Similar News