चिदंबरम को जन्मदिन पर बेटे कार्ति का पत्र- 'कोई 56 इंच आपको रोक नहीं सकता'

चिदंबरम को जन्मदिन पर बेटे कार्ति का पत्र- 'कोई 56 इंच आपको रोक नहीं सकता'

Bhaskar Hindi
Update: 2019-09-16 04:51 GMT
हाईलाइट
  • आईएनएक्स मीडिया केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं चिदंबरम
  • पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का 74वां जन्मदिन आज
  • बेटे कार्ति ने पत्र लिखकर पीएम मोदी के 56 इंच के सीने पर तंज कसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में तिहाड़ जेल में बंद पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का आज (16 सितंबर) 74वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के मौके पर बेटे कार्ति चिदंबरम ने पत्र लिखकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, साथ ही कार्ति ने कई मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला है। पत्र की पहली ही लाइन में पीएम मोदी के 56 इंच वाले सीने पर तंज कसते हुए कहा है कि, कोई भी 56 इंच आपको रोक नहीं सकता। इसके अलावा उन्होंने US ओपन और इसरो के चंद्रयान 2 की लैंडिंग का भी जिक्र किया है।

कार्ति ने लेटर में लिखा- आज आप 74 साल के हो गए लेकिन कोई "56 इंच" आपको रोक नहीं सकता। आप कभी भी अपने जन्मदिन को भव्य तरीके से नहीं मनाते, लेकिन आजकल हमारे देश में हर छोटी चीज पर बड़ा जश्न होने लगा है। कार्ति ने लिखा, आपके बिना यह जन्मदिन पहले जैसा नहीं होगा। हम आपको याद कर रहे हैं।

कार्ति चिदंबरम ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने और पीएम मोदी के "56 इंच के सीने" पर तंज कसा है। खत में चंद्रयान 2 की लैंडिंग का भी जिक्र किया है। कार्ति ने पीएम मोदी के इसरो प्रमुख के सिवन को गले लगाने पर भी चुटकी ली। उन्होंने इसे ड्रामा बताया, साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आइंस्टीन वाले बयान पर भी चुटकी ली है। दरअसल हाल ही में पीयूष गोयल ने गुरुत्वाकर्षण की खोज का जिक्र करते समय अल्बर्ट आइंस्टीन का नाम ले लिया था।

कार्ति ने चंद्रयान 2 के बारे में बताते हुए लिखा, साइंस और टेक्नोलॉजी में आपकी दिलचस्पी के कारण आपको चंद्रयान मिशन की लाइव स्ट्रीमिंग देखकर काफी अच्छा लगता। हमें इसे देखने का मौका मिला। हालांकि इसमें बहुत ड्रामा था। लैंडर विक्रम से संपर्क टूटने वाला ड्रामा नहीं बल्कि उसके बाद जो बड़ा ड्रामा हुआ। 

आर्थिक मंदी और कश्मीर मुद्दे को लेकर भी कार्ति ने मोदी सरकार पर हमला बोला। जीडीपी ग्रोथ 5 फीसदी पर आने को लेकर उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर भी निशाना साधा। इसके अलावा एनआरसी की भी आलोचना की।

 

Tags:    

Similar News