एक तरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती को जिंदा जलाया

एक तरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती को जिंदा जलाया

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-22 18:23 GMT
एक तरफा प्यार में सनकी युवक ने युवती को जिंदा जलाया

डिजिटल डेस्क, सिकंदराबाद। हैदराबाद के सिकंदराबाद में गुरूवार को एक सनकी युवक ने शादी से इनकार करने पर 25 वर्षीय युवती को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवती को सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा था। उसकी शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे मौत हो गई।

पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) बी सुमती ने बताया कि महिला कार्यालय से लौट रही थी। इसी दौरान लालगुडा इलाके में 28 वर्षीय साई कार्तिक ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। सुमती ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि महिला का सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल में उपचार चल रहा था।

उन्होंने बताया कि महिला अनुसूचित जाति से थी। वह एल्यूमीनियम विनिर्माण इकाई में बतौर अकाउंटेंट काम करती थी। महिला को आग लगाने वाला व्यक्ति उसके साथ ही काम करता था। वह महिला से एक तरफा प्यार करता था। सनकी युवक ने युवती के सामने शादी का प्रपोजल रखा था, जिसे युवती ने ठुकरा दिया था। इसके बाद गुस्साए युवक ने यह घातक कदम उठाया।

आरोपी कार्तिक ने भी युवती के साथ एल्यूमीनियम विनिर्माण इकाई में एक साल काम किया। हालांकि प्रबंधन ने उसके व्यवहार को सही नहीं पाया और उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया। कार्तिक केवल सातवीं कक्षा तक पढ़ा था। अधिकारी ने कहा, ‘कल रात जब महिला कार्यालय से वापस लौट रही थी तो उसने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया और शादी का प्रस्ताव अस्वीकार करने को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान उसने महिला पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

इस दौरान पास से गुजर रहे कुछ लोग महिला की चीख सुनकर उसकी मदद के लिए पहुंचे और आग बुझाई। महिला 64 प्रतिशत तक जल गई थी। उसे सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल ले जाया गया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि वे मामले की जांच के लिए पीड़ित के फोन से मिले संदेश और कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रहे हैं।

Similar News