महाराष्ट्र कैबिनेट का विस्तार: राधाकृष्ण पाटिल सहित 13 मंत्रियों ने ली शपथ

महाराष्ट्र कैबिनेट का विस्तार: राधाकृष्ण पाटिल सहित 13 मंत्रियों ने ली शपथ

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-16 07:37 GMT
महाराष्ट्र कैबिनेट का विस्तार: राधाकृष्ण पाटिल सहित 13 मंत्रियों ने ली शपथ
हाईलाइट
  • महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया मंत्रिमंडल का विस्तार 
  • रविवार को 8 कैबिनेट और 5 राज्यमंत्रियों ने ली शपथ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के शुरू होने से एक दिन पहले रविवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज (16 जून) कैबिनेट का विस्तार किया, जिसमें कुल 13 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इन मंत्रियों में से आठ को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पांच को राज्यमंत्री का पदभार दिया गया है।

नए मंत्रियों में सबसे चर्चित नाम राधाकृष्ण विखे पाटिल का रहा। फडणवीस की कैबिनेट में राधाकृष्ण विखे पाटिल को भी शामिल किया गया है। बता दें कि पाटिल पहले कांग्रेस के सदस्य थे और विधानसभा में विपक्ष के नेता भी थे। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। बीजेपी कोटे से उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पाटिल के बेटे ने भी बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। 

आठ कैबिनेट मंत्रियों में राधाकृष्ण विखे पाटिल, मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष आशीष शेलार, संजय कूटे, सुरेश खाड़े, अनिल बोंडे, अशोक उइके को शामिल किया गया है। इसमें शिवसेना के दो नेता जयदत्त क्षीरसागर, तानाजी सावंत को भी जगह दी गई है। 

योगेश सागर, अविनाश महातेकर, संजय भेगड़े, परिणय फुके, अतुल सावे ने महाराष्ट्र कैबिनेट में राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। कैबिनेट में फेरबदल करने से पहले सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी। गौरतलब है कि, महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र कल (17 जून) से शुरू हो रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले यह विधानसभा का अंतिम सत्र होगा। इसी साल के अंत में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं।

 

 

Tags:    

Similar News