पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का मोदी सरकार पर हमला, हर मोर्चे पर बताया विफल

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का मोदी सरकार पर हमला, हर मोर्चे पर बताया विफल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-07 16:18 GMT
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का मोदी सरकार पर हमला, हर मोर्चे पर बताया विफल
हाईलाइट
  • इस दौरान मनमोहन सिंह ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल की पुस्तक 'शेड्स ऑफ ट्रुथ' का पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने किया विमोचन।
  • नोटबंदी और जीएसटी का कारोबार पर पड़ा बुरा असर।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल की पुस्तक "शेड्स ऑफ ट्रुथ" के विमोचन के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार को सभी मोर्चों पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में किसान और नौजवान परेशान हैं, तो दलितों और अल्पसंख्यको में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने देश में वैकल्पिक विमर्श पर गौर करने और अपनाने की जरुरत बताई।

युवा कर रहे दो करोड़ नौकरी का इंतजार
मनमोहन सिंह ने इस दौरान सरकार की नाकामियां को गिनाते हुए कहा, मोदी सरकार की नीतियों की वजह से देश में कृषि संकट है और किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर है। पीएम मोदी के दो करोड़ नौकरियों के वादे के बाद युवा इसका इंतजार कर रहे हैं। पिछले चार सालों में रोजगार वृद्धि दर में कमी आई है। लोग मोदी सरकार के उन आंकड़ों से प्रभावित नहीं जिसमें उन्होंने बड़ी संख्या में रोजगार देने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया का औद्योगिक उत्पादन पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। इज ऑप डूइंग बिजनेस का भी कोई फायदा छोटे उद्यमों को नहीं मिल रहा है।

 


नोटबंदी और GST का बुरा असर
नोटबंदी और GST को लेकर मनमोहन सिंह ने कहा कि इसकी वजह से कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। विदेशों में कथित तौर जमा धन को लाने के लिए भी मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा देश में अल्पसंख्यक डरे हुए हैं। मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार को विदेश नीति के मोर्चे पर भी विफल बताया। उन्होंने कहा, पड़ोसियों के साथ हमारे संबंध खराब हुए है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, शैक्षणिक आजादी पर अंकुश लगाया जा रहा है। विश्वविद्यालयों के माहौल को खराब किया जा रहा है।

क्या कहा कपिल सिब्बल ने?
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा, पीएम मोदी ने साल 2014 के बाद हमें नोटबंदी दी जिसका देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ा और जीडीपी 1.5% तक कम हो गई। अगर कोई और देश होता तो उन्हें इस्तीफा देना पड़ता। देश में GST भी गलत तरीके से लागू किया गया। सिब्बल ने कहा पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगया था कि गलत नीति के कारण देश आगे नहीं बढ़ सका, लेकिन इसी नीति के कारण भारत की जीडीपी 8.2% तक पहुंची थी जो इस देश के इतिहास में कभी नहीं हुआ।

Similar News