कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने छोड़ा पद

कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने छोड़ा पद

Bhaskar Hindi
Update: 2019-07-07 10:22 GMT
कांग्रेस में इस्तीफों का दौर जारी, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने छोड़ा पद
हाईलाइट
  • आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाने का भी सुझाव दिया
  • मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दिया
  • लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस में जारी है इस्तीफा देने का सिलसिला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों का दौर जारी है। रविवार (7 जुलाई) को मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाने का भी सुझाव दिया है। यह समिति राज्य कांग्रेस का नेतृत्व करेगी।

मिलिंद देवड़ा ने अपने पद से इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि, वह पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करते हैं। देवड़ा ने इस साल के आखिर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तक नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता वाली एक अस्थायी समिति गठित करने की भी सिफारिश की है।

उन्होंने ये भी कहा कि, मैं मुंबई कांग्रेस को दिशानिर्देश देना और एकजुट करना जारी रखूंगा। देवड़ा के कार्यालय से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि, बीजेपी-शिवसेना का मुकाबला करना और "वंचित बहुजन आघाडी के प्रभाव को अस्वीकार करना एक चुनौती है। बता दें कि, देवड़ा ने 26 जून को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पद छोड़ने की इच्छा जताई थी।

खबरों के मुताबिक, मिलिंद देवड़ा दिल्ली आ रहे हैं और कोई बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं भावी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस की चिंता और बढ़ गई है। गौरतलब है कि, 2019 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देवड़ा को मुंबई कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किया गया था। शनिवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष केशव चंद यादव ने भी हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राहुल गांधी भी चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। 

Tags:    

Similar News