बंदरों के हमले से एक इंसान की मौत, FIR चाहता है परिवार

बंदरों के हमले से एक इंसान की मौत, FIR चाहता है परिवार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-20 17:14 GMT
बंदरों के हमले से एक इंसान की मौत, FIR चाहता है परिवार
हाईलाइट
  • इस मर्डर का आरोपी कोई इंसान नहीं बल्कि 50-60 बंदरों की टोली है।
  • उत्तरप्रदेश के बागपत जिले के टिकरी गांव में एक अजीबोगरीब मर्डर सामने आया।
  • बंदरों के इस कथित हमले में एक बुजुर्ग ब्रह्मपाल सिंह की मौत हो गई है।

डिजिटल डेस्क, बागपत। उत्तरप्रदेश के बागपत जिले के टिकरी गांव में एक अजीबोगरीब मर्डर सामने आया। इस मर्डर का आरोपी कोई इंसान नहीं बल्कि 50-60 बंदरों की टोली है। बंदरों के इस कथित हमले में एक बुजुर्ग ब्रह्मपाल सिंह की मौत हो गई है। इसके बाद मृतक के घरवालों ने बंदरों के खिलाफ एक लिखित शिकायत दी है और वह FIR की भी मांग कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस घटना को एक हादसा बताया है। मृत बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के भाई कृष्णपाल सिंह के अनुसार मामला बुधवार का है। कृष्णपाल ने कहा कि बुधवार को उनके घर हवन होना था, जिसके लिए ब्रह्मपाल लकड़ी इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान 50-60 बंदरों ने उनके ऊपर ईंट फेंक दी, जिससे कि उनके सिर और छाती पर गहरी चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपाल को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

 

इस घटना से गुस्साए मृतक के भाई ने कहा, हमने बंदरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की है। हालांकि पुलिस कुछ भी सुनने से इनकार कर रही है और घटना को हादसा बताते हुए टालने की कोशिश कर रही है। हम चाहते हैं कि बंदरों के खिलाफ FIR दर्ज हो। अगर पुलिस ने कुछ नहीं किया तो हम उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे।

वहीं पुलिस का कुछ और ही कहना है। पुलिस के ही एक अधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया, "हमने इस मामले की जांच की है। जांच में पता चला कि ब्रह्मपाल ईंट के एक खंभे के पास लेटे हुए थे। उस वक्त 50-60 बंदरों की टोली वहां पर पहुंची और वह ईंट पर कूदने लगे। इसी दौरान वह खंभा नीचे गिर गया और ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।"
 

Similar News