रघुराम राजन बोले- नोटबंदी और GST ने रोकी भारत की विकास दर

रघुराम राजन बोले- नोटबंदी और GST ने रोकी भारत की विकास दर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-10 13:14 GMT
रघुराम राजन बोले- नोटबंदी और GST ने रोकी भारत की विकास दर
हाईलाइट
  • यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया के एक कार्यक्रम में राजन ने केन्द्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
  • रघुराम राजन बोले- नोटबंदी और GST के चलते भारत की आर्थिक विकास दर को लगा झटका

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने भारत सरकार के दो बड़े नीतिगत फैसलों पर निशाना साधा है। राजन ने कहा है कि नोटबंदी और GST के चलते भारत की आर्थिक विकास दर को बड़ा झटका लगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इन फैसलों ने भारत की आर्थिक विकास दर को बेहद धीमा कर दिया। राजन, अमेरिका के बार्कले में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।

यहां भट्टाचार्या लेक्चरशिप नाम के कार्यक्रम में "फ्यूचर ऑफ इंडिया" विषय पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की आर्थिक तरक्की से जुड़ी कई बातों पर अपने विचार रखे। राजन ने कहा, "भारत की विकास दर साल 2012 से 2016 के बीच बड़ी तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन इसके बाद केन्द्र सरकार के दो आर्थिक बदलावों ने बड़े झटके दिए। नोटबंदी और जीएसटी ने भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार  पूरी तरह से थाम दी। देश अब तक इन झटकों से उभर नहीं पाया है।"

राजन ने कहा, "मौजूदा सात फीसदी की विकास दर देश की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। भारत के बाजार में जिस तरह से निवेश हो रहा है, उस हिसाब से सात फीसदी ग्रोथ रेट से ज्यादा की जरूरत है। हमें और ज्यादा नौकरियां पैदा करनी होगी।" उन्होंने मौजूदा आर्थिक दर को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ भी बताया। उन्होंने कहा, "आजादी मिलने के बाद देश की अर्थव्यवस्था के लिए "हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ" का इस्तेमाल किया जाता था, जिसका मतलब बेहद कमजोर ग्रोथ रेट से था। आज भी वैश्विक परिस्थितियों की तुलना में हमारी ग्रोथ रेट कम है। यह अन्य देशों से ज्यादा हो सकती है लेकिन इसे इस समय और अधिक होना चाहिए था।"

राजन ने तेल की बढ़ती कीमतों पर भी अपनी बात रखी। राजन ने कहा, "तेल की बढ़ती कीमतें भारत की विकास दर के लिए एक बाधा है। देश इस समय नोटबंदी और GST के झटकों से उभर तो रहा है, लेकिन बढ़ती तेल कीमतें इसमें बाधा बनी हुई है।"
 

Similar News