राहुल का संदेश- एग्जिट पोल से निराश न हों कार्यकर्ता, मेहनत बेकार नहीं जाएगी

राहुल का संदेश- एग्जिट पोल से निराश न हों कार्यकर्ता, मेहनत बेकार नहीं जाएगी

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-22 09:40 GMT
राहुल का संदेश- एग्जिट पोल से निराश न हों कार्यकर्ता, मेहनत बेकार नहीं जाएगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के परिणाम से पहले सामने आए एग्जिट पोल्स में एनडीए को बढ़त और विपक्ष को निराशा हाथ लगने के अनुमान हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी लगातार अपने कार्यकर्ताओं को निराश न होने और चौकन्ना रहने की सलाह दे रही है। प्रियंका गांधी के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि अगले 24 घंटे बेहर अहम हैं इसलिए वे निराश न हों और पूरी तरह से चौकन्ना रहें।

कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी का संदेश
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से कहा है कि, अगले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। सतर्क और चौकन्ना रहें। डरे नहीं। आप सत्य के लिए लड़ रहे हैं । फर्जी एग्जिट पोल के दुष्प्रचार से निराश न हो। खुद पर और कांग्रेस पार्टी पर विश्वास रखें, आपकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पार्टी कार्यकर्ताओं को हिम्मत न हारने की सलाह दे चुकी हैं। 21 मई को प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं को जारी ऑडियो संदेश जारी कर कहा था, आप लोग अफवाहों और एग्जिट पोल से हिम्मत मत हारिये। यह अफवाहें आपका हौसला तोड़ने के लिए फैलाई जा रही हैं। इस बीच आपकी सावधानी और भी महत्वपूर्ण बन जाती है। स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहिए और चौकन्ने रहिए। प्रियंका ने ये भी कहा, हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी और आपकी मेहनत का फल जरूर मिलेगा।

एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत के अनुमान
बता दें कि 19 मई को आए लगभग सभी प्रमुख एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। एनडीए को 300 से ज्यादा सीटों के साथ एक बार फिर से केंद्र में सरकार बनाने के संकेत एग्जिट पोल में दिए गए हैं। एग्जिट पोल के अनुमान जारी होने के बाद से विपक्षी दलों में खलबली मची हुई है। विपक्ष एक स्वर में एग्जिट पोल्स के दावों को खारिज कर रहा है।

Tags:    

Similar News