'मोदीजी छिपिए मत, संसद खोलिए, देश राफेल सौदे की हकीकत जानना चाहता है'

'मोदीजी छिपिए मत, संसद खोलिए, देश राफेल सौदे की हकीकत जानना चाहता है'

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-21 18:04 GMT
'मोदीजी छिपिए मत, संसद खोलिए, देश राफेल सौदे की हकीकत जानना चाहता है'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के शीत सत्र में बीजेपी सरकार द्वारा हो रही लेटलतीफी पर कांग्रेस ने बयानबाजी तेज कर दी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक ट्वीट कर पीएम मोदी पर संसद में बहस से बचने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी  ने लिखा है, "सच को कितना ही छिपा लो, वह नहीं छिपता। मोदी जी आप छिपना बंद करो और संसद खोलो ताकि देश यह जान सके कि आपने राफेल विमान सौदे में क्या किया है।" इस ट्वीट के साथ ही राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला द्वारा पोस्ट किया गया एक वीडियो ट्वीट भी शेयर किया है। इसमें सुरजेवाला ने लिखा है, "आवाज़ दबाएंगे, भ्रष्टाचार छुपाएंगे और संसद नहीं चलाएंगे। क्या रॉफेल का सच दबाने को कर रहे संसद बंदी?, देखें वीडियो"
 

इससे पहले सोनिया गांधी ने सोमवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा था कि बीजेपी सरकार शीत सत्र को बेवजह नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा था, "केंद्र सरकार अगामी गुजरात चुनाव की वजह से संसद सत्र को नहीं बुला रही है। मोदी सरकार ने बिना किसी ठोस कारण के संसद के शीत सत्र को नुकसान पहुंचा कर भारत के संसदीय लोकतंत्र पर गहरा आघात किया है।" इसके साथ ही उन्होंने जीएसटी और नोटबंदी को भी निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था, "प्रधानमंत्री जीएसटी के लिए आधी रात को संसद सत्र बुला सकते हैं लेकिन आज संसद का सामना करने से भाग रहे हैं।"

वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोनिया गांधी के इन आरोपों को निराधार बताया था। जेटली ने कहा था कि यह पहली बार नहीं हो रहा है। चुनाव के दौरान कांग्रेस भी ऐसा करती रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि संसद का सत्र और चुनाव प्रचार एक ही सत्र में न हो, इसलिए हमेशा से ऐसा किया जाता रहा है।

Similar News