Accident: बिहार और उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसे, 7 लोगों की मौत, 40 घायल

Accident: बिहार और उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसे, 7 लोगों की मौत, 40 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2020-06-15 06:59 GMT
Accident: बिहार और उत्तर प्रदेश में भीषण सड़क हादसे, 7 लोगों की मौत, 40 घायल

डिजिटल डेस्क, पटना/लखनऊ। बिहार के गया और उत्तर प्रदेश में लखनऊ आगरा-एक्सप्रेसवे पर हुए दो सड़क हादसों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। 

बिहार के गया में 7 की मौत 
बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में सोमवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने दो ऑटोरिक्शा को ठोकर मार दी, जिससे ऑटो में सवार सात लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन-चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तिलक समारोह से लौट रहे थे लोग
पुलिस के मुताबिक, गया के रेगनिया गांव के कई लोग दो ऑटो में सवार होकर देव मंदिर से एक तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिशुनपुरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों ऑटो को टक्कर मार दी।

आमस के थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घायलों में तीन से चार लोगों की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया, सभी मृतक रेगनिया गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद से ट्रक चालक फरार है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी बस
उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बिल्हौर थाना क्षेत्र के मोड़ के पास एक बास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में करीब 25 मजदूर घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक है। यह बस रविवार रात मजदूरों को लेकर दिल्ली के आनंद बिहार से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई थी।

इसमें करीब 35 लोग सवार थे। ये सभी दिल्ली में फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूर हैं। अपने घर जाने के लिए दिल्ली से प्राइवेट बस करके निकले थे। सभी मजदूर बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है, दुर्घटना ड्राइवर के नींद आने से हुई है।

Tags:    

Similar News