विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र-यूपी में बीजेपी ने बदले अध्यक्ष, नए हाथों में कमान

विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र-यूपी में बीजेपी ने बदले अध्यक्ष, नए हाथों में कमान

Bhaskar Hindi
Update: 2019-07-16 10:45 GMT
विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र-यूपी में बीजेपी ने बदले अध्यक्ष, नए हाथों में कमान
हाईलाइट
  • उत्तर प्रदेश में स्वतंत्र देव सिंह को दी कमान
  • महाराष्ट्र में चंद्रकांत दादा पाटील बने नए प्रदेश अध्यक्ष
  • विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बदले दो राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश में अगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने दोनों राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों को कमान सौंपी है। उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। स्वतंत्र देव सिंह से पहले महेंद्र नाथ पांडे उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष थे। वहीं महाराष्ट्र राज्य में रावसाहेब पाटिल दानवे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रावसाहेब पाटिल दानवे के इस्तीफे के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने चंद्रकांत दादा पाटिल को महाराष्ट्र बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं मंगल प्रताप लोधा को मुंबई बीजेपी इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 

बता दें कि स्वतंत्र देव सिंह ने पहला विधानसभा चुनाव 2012 में लड़ा था। बीजेपी ने स्वतंत्र देव सिंह को उरई की कालपी सीट से मैदान में उतार था। यहां उन्हें बुरी तरह हार मिली। इसके बाद भी उन्हें बीजेपी ने एमएलसी बनाया। 2014 में हुए आम चुनाव उनके लिए महत्त्वपूर्ण रहे। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में होने वाली रैलियों के आयोजन की कमान उन्हें दी। यहीं से वह पीएम मोदी व अमित शाह के और करीब आ गए। वहीं 2017 में जब बीजेपी को यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल हुआ तो मुख्यमंत्री की रेस में उनका भी नाम सामने आया था। हालांकि बाद में योगी मंत्रिमंडल में उन्हें परिवहन मंत्री का स्वतंत्र प्रभार मिला।

बात महाराष्ट्र राज्य की जाए तो यहां चंद्रकांत दादा पाटिल को कमान सौंपी गई है। बीते लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद रावसाहेब पाटिल दानवे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उस समय से उनके प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर चर्चा चल रही थी। उनके इस्तीफा देने के बाद ये बदलाव किया गया है। बता दें कि महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनावों से पहले पार्टी राज्य में बड़े स्तर पर संगठन में बदलाव की संभावना है। 


 

Tags:    

Similar News