Weather Report: फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, अगले दो दिन हो सकती है बारिश- मौसम विभाग

Weather Report: फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, अगले दो दिन हो सकती है बारिश- मौसम विभाग

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-10 08:14 GMT
Weather Report: फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, अगले दो दिन हो सकती है बारिश- मौसम विभाग
हाईलाइट
  • 12
  • 13 जनवरी को बारिश की संभावना- मौसम विभाग
  • अगले दो दिनों तक लोगों की परेशानी बढ़ाएगा कोहरा
  • कोहरे के चलते 23 ट्रेनें कई घंटों लेट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम के मिजाज बिगड़ने का संकेत दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी रीजन में 11 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते जम्‍मू-कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 12 और 13 जनवरी को बारिश की संभावना है। 

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को कोहरा देखा गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके चलते कुछ अलग-अलग क्षेत्र में घना कोहरा देखने को मिला। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में एनसीआर में मध्यम कोहरे की चादर देखने को मिलेगी। जिसके चलते दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें कई घंटों की देरी से चल रही हैं।

इन राज्यों में गरज के साथ गिर सकती हैं बौछारें

इधर, पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में धूप निकलने के बावजूद पिछले 24 घंटों से शीतलहर जारी है। पंजाब के हलवारा कस्बे का तापमान घटकर 0.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। हरियाणा के हिसार और नारनौल में क्रमश: 1.1 डिग्री और 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो, 13 जनवरी को दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें गिरने की संभावना है।

लखनऊ के आस- पास छाई धुंध छाई

यूपी की राजधानी लखनऊ और उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से धुंध छाई हुई है। शुक्रवार (आज) लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, आगरा का 6 डिग्री, प्रयागराज का 7.9 डिग्री और वाराणसी का 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। 

Tags:    

Similar News