B'day: प्रियंका गांधी हुई 49 की, 13 साल की उम्र में रॉबर्ट वाड्रा से हुई थी पहली मुलाकात

B'day: प्रियंका गांधी हुई 49 की, 13 साल की उम्र में रॉबर्ट वाड्रा से हुई थी पहली मुलाकात

Bhaskar Hindi
Update: 2021-01-12 06:57 GMT

डिजिटल डेस्क,दिल्ली। प्रियंका गांधी आज अपना 49वां जन्मदिन मना रही हैं। 12 जनवरी 1972 में प्रियंका का जन्म भारत के प्रसिद्ध राजनैतिक गांधी परिवार में हुआ था और महज़ 13 साल की उम्र में रॉबर्ट वाड्रा से उनकी पहली मुलाकात हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में कब बदल गई पता ही नहीं चला,जिसके बाद 18 फरवरी, साल 1997 में इनकी शादी हुई। प्रियंका गांधी की तुलना अक्सर उनकी दादी इंदिरा गांधी के साथ की जाती हैं।

2019 लोकसभा चुनाव से प्रियंका गांधी को यूपी की जिम्मेदारी दी गई और वो सक्रिय राजनीति में आईं, जिसके बाद उन्होंने हर मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा और उनकी गलतियों को गिनाते हुए अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। आज जन्मदिन के खास मौके पर प्रियंका को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता से लेकर कांग्रेस के अन्य नेता लगातार ट्विटर पर बधाई दे रहे हैं। 

कैसे हुई रॉबर्ट वाड्रा से शादी
प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बीच प्यार हुआ और ये रिश्ता शादी में बदल गया। बता दें कि, 13 साल की उम्र में दोनो की मुलाकात पहली बार हुई थी और रॉबर्ट ने प्रियंका से उनकी सादगी के कारण बात करना शुरू किया और फिर मुलाकातों के जरिए दोनो एक-दूसरे के करीब आने लगे, लेकिन वाड्रा नहीं चाहते थे कि उनके और प्रियंका के रिश्ते के बारे में किसी को कुछ भी पता चलें क्योंकि रॉबर्ट को ऐसा लगता था कि, बाहरी लोग इस रिश्ते को लेकर गलत समझेंगे। एक मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में रॉबर्ट ने बताया कि, जब वो ब्रिटिश स्कूल में पढ़ रहे थे तब उन्हें महसूस हुआ कि प्रियंका गांधी उन्हें पसंद करती हैं। इसके बाद हम दोनों ने बात करनी शुरू की और दोनों करीब आ गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब प्रियंका और रॉबर्ट ने अपने रिश्तें की बात अपने परिवार वालों के सामने रखी तो, रॉबर्ट के पिता और गांधी परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन प्रियंका की जिद के कारण बाद में उन्हें राजी होना पड़ा। जिसके बाद 18 फरवरी, साल 1997 को दोनों की शादी हुई। दोनों के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। 29 अगस्त 2000 को प्रियंका ने पहले बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम रेहान (बेटा) है। वहीं, 24 जून 2002 को प्रियंका के दूसरे बच्चे मिराया (बेटी) का जन्म हुआ।

प्रियंका का बचपन
प्रियंका गांधी के बचपन का कुछ समय अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी के साये में बिता,लेकिन दोनों के इस दुनिया से जाने के बाद उनके सिर पर सिर्फ मां सोनिया गांधी का ही हाथ रहा। बता दें कि,प्रियंका गांधी की स्कूली शिक्षा दिल्ली के प्रसिद्ध मॉडर्न स्कूल से हुई। साल 1984 में दादी इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रियंका गांधी ने घर पर रहकर ही पढ़ाई पूरी की। प्रियंका ने जीजस एंड मैरी कॉलेज से मनोविज्ञान में ग्रेजुएशन किया हैं। प्रियंका गांधी को शुरू से ही बौद्ध धर्म में बेहद रुचि थी, जिसकी वजह से उन्होंने साल 2010 में बौद्धिस्ट स्टडीज में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की। 

 

 

Tags:    

Similar News