कांग्रेस को एक और झटका: गुरप्रीत सिंह के बाद विधायक राज कुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस पार्टी को कहा अलविदा, आप में हुए शामिल

  • कांग्रेस को पंजाब में लगा एक और झटका
  • गुरप्रीत सिंह के बाद राज कुमार ने छोड़ी पार्टी
  • आप में शामिल हुए राज कुमार चब्बेवाल

Ritu Singh
Update: 2024-03-15 08:34 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है। चुनावी मौसम में पार्टी बदलने के इस ट्रेंड से सबसे ज्यादा झटका कांग्रेस को लगा है। बीते कुछ समय में कई राज्यों के दिग्गज और वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। नेताओं के पाला बदलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज कांग्रेस के लिए पंजाब से बुरी खबर सामने आई है। कांग्रेस विधायक राज कुमार चब्बेवाल ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी का हाथ थाम लिया। अब चर्चा है कि आम आदमी पार्टी राज कुमार चब्बेवाल को लोकसभा के चुनावी मैदान में उतार सकती है।

पंजाब के चब्बेवाल सीट से विधायक राज कुमार चब्बेवाल आज आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। रिपोर्ट्स की मानें तो आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी चब्बेवाल को उम्मीदवार बना सकती है। चर्चा है कि आप होशियारपुर लोकसभा सीट से राज कुमार चब्बेवाल को प्रत्याशी बना सकती है। पार्टी ने बीते दिन ही राज्य के 8 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बयान

कांग्रेस नेता और पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का चब्बेवाल की पार्टी बदलने पर रिएक्शन सामने आया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने चिर परिचित शायराना अंदाज में इस चुनावी घटना पर प्रतिक्रिया दी है। सिद्धू ने कहा, "कुछ तो रही होंगी उनकी मजबूरियां, यूहीं कोई बेवफा नहीं होता। किरदार का मुश्किल वक्त में ही पता लगता है।"

इससे कुछ ही दिन पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जेपी भी पार्टी छोड़ आप में शामिल हुए थे। कांग्रेस छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले गुरप्रीत सिंह फतेहगढ़ साहिब से विधायक रह चुके हैं। वह 9 मार्च को आप में शामिल हुए। 14 मार्च को आम आदमी पार्टी ने पंजाब में उम्मीदवारों की सूची जारी की जिसमें गुरप्रीत सिंह को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया।

Tags:    

Similar News