लोकसभा चुनाव 2024: कल होगा लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान, सात या आठ चरणों में चुनाव होने की उम्मीद

कल होगा लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान, सात या आठ चरणों में चुनाव होने की उम्मीद
  • कल होगा लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान
  • सात या आठ चरणों में चुनाव होने की उम्मीद
  • मई महीने के अंत तक आ सकते हैं चुनाव के नतीजे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही समय शेष बचा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी दलों ने इस महामुकाबले में जीत हासिल करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच अब चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों को लेकर बड़ी जानकारी शेयर की है। इसके तहत आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान शनिवार 16 मार्च को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का भी एलान किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने दी जानकारी

इसकी जानकारी खुद चुनाव आयोग की तरफ से अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल के जरिए दी गई है। चुनाव आयोग ने अपनी इस जानकारी में बताया, "आमचुनाव 2024 और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कल यानी शनिवार, 16 मार्च को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसे ईसीआई के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा।"

चुनावी कार्यक्रम की होगी घोषणा

चुनाव आयोग की ओर से कल की जाने वाली अपनी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी कार्यक्रम को लेकर पूरी जानकारी दी जाएगी। इसमें लोकसभा चुनाव 2024 और कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव कब, कितने चरणों में होंगे और उनके लिए क्या तैयारियां की जाएंगी यह सब कुछ शामिल होगा। चुनाव की तारीखों के एलान के तुरंत बाद देश में आचार संहिता लग जाएगी। इसके बाद सरकार कोई भी नए नीति या फिर फैसले की घोषणा नहीं कर सकेगी।

सात या आठ चरण में होंगे चुनाव

मौजूदा लोकसभा कार्यकाल इस साल 16 जून को खत्म होने वाला है। इससे पहले ही नई लोकसभा का गठन किया जाएगा। साल 2019 यानि कि पिछले लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान 10 मार्च को किया गया था। तब चुनाव 11 अप्रैल से शुरू होकर सात चरणों में पूरा हुआ था। जबकि इसके नतीजे लगभग डेढ़ महीने बाद 23 मई को सामने आए थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की उम्मीद है। जहां अप्रैल के दूसरे हफ्ते में चुनाव शुरू होकर सात या फिर आठ चरणों में पूरा हो सकता है। जबकि इसके नतीजे मई महीने के अंत तक सामने आ सकते हैं।

Created On :   15 March 2024 8:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story