कांग्रेस को झटका: राहुल और प्रियंका के करीबी नेता ने एक्स बायो से हटाया कांग्रेस, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज

  • कानपुर में लग सकता है कांग्रेस को झटका
  • पूर्व विधायक अजय कपूर ने छोड़ा पार्टी का हाथ!
  • आज भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज

Ritu Singh
Update: 2024-03-13 06:48 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक कई झटके लग रहे हैं। बड़ी संख्या में नेता पार्टी का हाथ छोड़ बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। महाराष्ट्र और गुजरात के बाद अब उत्तर प्रदेश से भी पार्टी के लिए बुरी खबर सामने आ रकती है। जानकारी के मुताबिक, कानपुर में धाक रखने वाले पूर्व विधायक अजय कपूर ने कांग्रेस पार्टी का साथ छोड़ दिया है। खबरों की मानें तो राहुल और प्रियंका के करीबी माने जाने वाले अजय कपूर आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा उन्हें आज पार्टी में शामिल करवा सकते हैं।

एक्स बायो से हटाया कांग्रेस

अजय कपूर ने एक्स बायो से कांग्रेस हटा दिया है जिसके बाद उनकी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई है। अजय कपूर तीन बार कानपुर से विधायक रह चुके हैं और राहुल गांधी के करीबी भी माने जाते हैं। अजय कपूर बीते दिनों राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी शामिल हुए थे। इस दौरान अजय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के ठीक बगल में बैठे थे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी अजय कपूर को लोकसभा चुनाव में कानपुर सीट से उतारना चाहती थी। हालांकि, ऐसा अब ऐसा लग रहा है कि अजय इससे पहले ही अपना रास्ता बदल चुके हैं।

यूपी में कांग्रेस और सपा साथ

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) साथ में लोकसभा चुनाव लड़ेगी। यूपी की 80 में से 63 सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी वहीं कांग्रेस अपने प्रत्याशी बाकि के 17 सीटों पर उतारेगी। आपको बता दें कि सपा ने 63 में से 31 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। वहीं कांग्रेस ने अब तक यूपी के किसी भी सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

Tags:    

Similar News