बिहार विधानसभा चुनाव 2020 : एक तिहाई वोटों की गिनती पूरी, एनडीए की महागठबंधन पर बढ़त

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 : एक तिहाई वोटों की गिनती पूरी, एनडीए की महागठबंधन पर बढ़त

IANS News
Update: 2020-11-10 10:31 GMT
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 : एक तिहाई वोटों की गिनती पूरी, एनडीए की महागठबंधन पर बढ़त
हाईलाइट
  • बिहार : एक तिहाई वोटों की गिनती पूरी
  • एनडीए की महागठबंधन पर बढ़त (लीड-1)

डिजिटल डेस्क, पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार चुनावों में भाजपा अपने सहयोगी दल जदयू के साथ-साथ अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी राजद से भी आगे निकल चुकी है। दोपहर 2 बजे तक लगभग एक तिहाई मतपत्रों की गिनती के बाद यह रुझान सामने आए हैं। 243 सीटों वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। चुनाव आयोग ने बताया कि 6 घंटों में लगभग 1 करोड़ चुनावी मतपत्र गिने गए, जिसमें भाजपा ने तब तक 243 सीटों में से 75 पर बढ़त हासिल कर ली थी, इसके साथ ही एनडीए 132 सीटों पर आगे हो गई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू दोपहर 2 बजे तक 51 सीटों पर आगे थी। इसमें विकासशील इंसान पार्टी 5 सीटों और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की 1 सीट शामिल है।

भाजपा और उसके सहयोगी जदयू की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी विपक्षी पार्टी राजद की 62 सीटों समेत महागठबंधन 100 सीटों पर आगे था। वहीं कांग्रेस 19 सीटों पर आगे थी। 3 वाम दल कुल 19 सीटों पर आगे हैं, इसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी (लिबरेशन) 13 पर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) 3 पर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी) भी 3 सीटों पर आगे है। वहीं 3 करोड़ मतपत्रों की गिनती होना अभी भी बाकी है।

मतगणना के रुझान के अनुसार, जदयू-भाजपा गठबंधन 132 सीटों पर आगे है और महागठबंधन 100 सीटों पर आगे है। इन चुनावों में भाजपा ने 121 सीटों पर और जदयू ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी पहले 5 सीटों पर आगे थी, जो घटकर 3 पर आ गई है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) 3 सीटों पर, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 2 सीटों पर और 4 निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे। जीत के लिए 243 सीटों वाली विधानसभा में 122 का आंकड़ा चाहिए होगा। पिछले हफ्ते चुनावों के खत्म होते ही सभी एग्जिट पोल ने राजद के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलने की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, अंतिम परिणाम रात तक आएंगे।

 

 

Tags:    

Similar News