रेप के आरोपी की पैरोकारी करने वाले कमलनाथ-दिग्विजय को समझाएं प्रियंका गांधी- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

बड़नगर रेप केस रेप के आरोपी की पैरोकारी करने वाले कमलनाथ-दिग्विजय को समझाएं प्रियंका गांधी- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

Bhaskar Hindi
Update: 2021-10-21 08:10 GMT
रेप के आरोपी की पैरोकारी करने वाले कमलनाथ-दिग्विजय को समझाएं प्रियंका गांधी- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल पर रेप का आरोप है। करण छह महीने से फरार चल रहा है। रेप का आरोप यूथ कांग्रेस की एक युवती ने लगाया है। इस पूरे मामले पर कांग्रेस अब घिरती नजर आ रही है। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।

डॉ मिश्रा ने कहा, "प्रियंका जी, घड़ियाली आंसू बंद करें। कांग्रेस के चिमटे से राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश न करें। मैं आपको आमंत्रित कर रहा हूं, प्रियंका जी। यहां आइये इस पीड़ित बेटी से मिलिए। यहां आपको कोई नहीं रोकेगा। हम आपको पूरी सुरक्षा देंगे। आपके सम्मान का ध्यान रखा जाएगा। अगर वास्तव में आप (प्रियंका गांधी) नारियों की हितैषी हैं, तो इस पीड़िता से मिले। डॉ मिश्रा ने कहा, बलात्कार के पैरोकार आपके दोनों नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने विवेक तन्खा जी को ये केस लड़ने के लिए फोन किया था। आप उनका समझाओ तभी नारी का सम्मान होगा"

 

बता दें कि 20 अक्टूबर को गृहमंत्री डॉ मिश्रा ने कहा था कि रेप के मामले में फरार आरोपी कांग्रेस विधायक के बेटे करण मोरवाल पर इनाम 15 से बढ़ाकर 25 हजार किया जा रहा है। करण मोरवाल ने अगर 2 दिनों में सरेंडर नहीं किया तो ऐसी कार्रवाई करेंगे। जो प्रदेश में नजीर बन जाएगी। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने का प्रियंका गांधी का ऐलान महिलाओं के साथ ही छलावा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें महिलाओं के सम्मान की ही चिंता होती तो छेड़छाड़ के आरोपी और महिलाओं के लिए आपत्तिजनक संबोधन करने वाले नेता आज कांग्रेस में वरिष्ठ पदों पर काबिज नहीं होते।

क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि उज्जैन के बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण के खिलाफ पिछले महीने एक महिला नेता ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। महिला नेता ने आरोप लगाया था कि विधायक मुरली मोरवाल के बेटे ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे को इंदौर पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने इंदौर ही नहीं उज्जैन में बड़नगर क्षेत्र में उसके वांटेड के पोस्टर लगाए हैं। 

वहीं, कांग्रेस नेता अरुण यादव को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने कहा, अरुण यादव कांग्रेस में हाशिए पर चल रहे हैं। उनकी पीड़ा समझी जा सकती है लेकिन अपने दर्द की अभिव्यक्ति के तौर पर देश की सम्मानित नेता पर टिप्पणी करने का उनका तरीका गलत है। बता दें कि खंडवा में उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान कांग्रेस के सीनियर नेता अरुण यादव की जुबान फिसल गई। उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को "डोकरी" बता दिया। निमाड़ी भाषा में डोकरी का मतलब बूढ़ी औरत होता है। यही नहीं उन्होंने हेमा मालिनी पर भी अशोभनीय टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में लोगों को महंगाई डायन लगती थी, इस सरकार में महंगाई हेमा मालिनी बन गई है।

Tags:    

Similar News