Asian champions trophy 2018: भारत ने किया जीत से आगाज, ओमान को 11-0 से रौंदा

Asian champions trophy 2018: भारत ने किया जीत से आगाज, ओमान को 11-0 से रौंदा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-10-19 05:41 GMT
Asian champions trophy 2018: भारत ने किया जीत से आगाज, ओमान को 11-0 से रौंदा
हाईलाइट
  • 2014 इंचियोन एशियाड में भारत ने ओमान को 7-0 से मात दी थी
  • दिलप्रीत सिंह ने लगाई हैट्रिक 41वें
  • 55वें और 57वें मिनट में दागे गोल

डिजिटल डेस्क, मस्कट। ओमान के मस्कट में जारी एशियन चैंपियंस ट्रोफी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत के साथ आगाज किया है। दुनिया की पांचवे नंबर की भारतीय टीम ने टूर्नमेंट में गुरुवार को अपने पहले मुकाबले में मेजबान ओमान टीम को 11-0 के बड़े अंतर से मात दी। मैच के दौरान भारत के आगे ओमान के खिलाड़ी अधिकतर समय गेंद के लिए संघर्ष करते नजर आए। भारत और ओमान का यह चार साल बाद आमना-सामना हुआ था। इससे पहले 2014 इंचियोन एशियाड में भारत ने ओमान को 7-0 से मात दी थी। भारत की ओर से हार्दिक सिंह ने इस मैच से अपना डेब्यू किया था।

नौ खिलाड़ियों ने दागे गोल
भारत की ओर से नौ खिलाड़ियों ने गोल किए। जिसमें दिलप्रीत सिंह (41वें, 55वें और 57वें मिनट) ने हैटट्रिक लगाई, जबकि ललित उपाध्याय (17वें मिनट), हरमनप्रीत (21वें मिनट), नीलकांता शर्मा (22वें मिनट), मंदीप सिंह (29वें मिनट), गुरजंत सिंह (37वें मिनट), आकाशदीप (49वें मिनट), वरुण कुमार (49वें मिनट) और चिंग्लेनसाना सिंह (53) ने एक-एक गोल दागे। 

गोल रहित रहा पहला क्वार्टर
मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहले 15 मिनट में गोल के कई मौके बनाए, लेकिन ओमान की रक्षापंक्ति गोल बचाने में कामयाब रही। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम गोल करने में कामयाब रही। दूसरे क्वार्टर के 15 मिनट के दौरान भारतीय टीम ने कुल 4 गोल दागे। भारत के लिए पहला गोल ललित उपाध्याय ने किया और इस क्वार्टर का अंतिम गोल मंदीप ने दागा। 

दूसरे क्वार्टर का पहला गोल उपाध्याय ने दागा
मैच के दूसरे क्वार्टर के 17वें मिनट में ललित उपाध्याय ने शानदार गोल दागा था। इस गोल के साथ ही भारत का खाता खुल गया था। इसके चार 4 मिनट बाद ही भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसपर हरमनप्रीत ने गोल दागा। इसके कुछ ही सेकंड़ बाद मिडफील्डर नीलकांता शर्मा (22वें मिनट में) ने गोल लगाकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। दूसरा क्वार्टर खत्म होता इससे ठीक एक मिनट पहले यानी 29वें मिनट में आकाशदीप के सटीक पास पर मंदीप सिंह ने गोल किया और भारत की बढ़त 4-0 तक पहुंचाई। 

गुरजंत सिंह ने किया तीसरे क्वार्टर का पहला गोल
तीसरे क्वार्टर में गुरजंत सिंह ने 37वें मिनट में गोल दागा। इसके बाद 41वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पेनल्टी कॉर्नर पर दिलप्रीत ने गोल किया। इसके साथ ही भारत ने मुकाबले में सात गोल के अंतर से बढ़त बना ली। 

चौथे क्वार्टर में दिलप्रीत ने लगाई हैट्रिक
चौथे क्वार्टर में 49वें मिनट में आकाशदीप ने गोल किया। इसी मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। जिसका फायदा उठाते हुए वरुण कुमार ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस गोल के साथ मैच का स्कोर 8-0 से भारत के पक्ष में हो गया। चौथे क्वार्टर में 49वें मिनट में आकाशदीप ने गोल किया। भारत को 53वें मिनट में फिर एक पेनल्टी कॉर्नर मिला। जिसपर हरमनप्रीत ने गेंद को हिट किया, चिंग्लेसाना ने शॉट मारा और गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। मुकाबले के आखिरी पांच मिनट दिलप्रीत के नाम रहे। उन्होंने 55वें और 57वें मिनट में गोल कर हैट्रिक लगाई। 

Similar News