2019 के बाद संन्यास पर फैसला : युवराज

2019 के बाद संन्यास पर फैसला : युवराज

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-24 07:09 GMT
2019 के बाद संन्यास पर फैसला : युवराज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी की कोशिश कर रहे स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह ने संन्यास को लेकर बयान दिया है। आईपीएल-11 में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम से खेल रहे भारत के स्टार आलराउंडर युवराज सिंह ने कहा है कि वो 2019 के बाद अपने करियर को लेकर फैसला करेंगे और संन्यास के बारे में सोचेंगे।युवराज सिंह एक समय पर टीम इंडिया की अहम कड़ी हुआ करते थे लेकिन बीते कुछ दिनों से वो टीम से बाहर चल रहे हैं। 

 

 

 

2019 के बाद संन्यास पर फैसला

 

युवराज सिंह ने संन्यास को लेकर कहा कि वो साल 2000 से इंटरनेशन क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्हें खेलते हुए करीब 17-18 साल हो गए हैं। हर खिलाड़ी को कभी न कभी ये फैसला लेना पड़ता ही है और मैं भी साल 2019 के बाद अपने करियर के बारे में फैसला लूंगा। 

 

 

वर्ल्ड चैंपियन बनाने में युवी का अहम योगदान 

 

युवराज सिंह साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और साल 2011 में वन-डे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के हिस्सा थे और दोनों ही टूर्नामेंटों में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए कई अहम पारियां खेली थीं। साल 2007 में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को लगाए गए एक ही ओवर में 6 छक्कों की यादें आज भी क्रिकेट फैंस के जहन में हैं। इसके अलावा टूर्नामेंट में युवी ने और भी कई अहम पारियां खेली थीं और टीम की जीत में बल्ले और गेंद दोनों से ही अहम योगदान दिया था। 

 

 

कैंसर से लड़ते हुए खेला 2011 वर्ल्ड कप

 

युवराज सिंह को ऐसे ही चैंपियन नहीं कहा जाता है। साल 2011 में भारत को दोबारा वन-डे क्रिकेट का वर्ल्ड विजेता बनाने में युवराज सिंह का अहम योगदान था। टूर्नामेंट में युवराज सिंह ने एक के बाद एक कई शानदार पारियां खेली थीं। युवराज सिंह तब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे लेकिन इस चैंपियन ने हार नहीं मानी और बीमारी से लड़ते हुए भारत को विश्व विजेता बनाया था। युवराज ने कैंसर की बीमारी से भी जंग जीती और फिर मैदान पर उतरे लेकिन इसके बाद उनके खेल में वो पुरानी वाली झलक नहीं रही। यही कारण है कि युवराज टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। 

 

 

युवराज का शानदार रिकॉर्ड 

 

युवराज सिंह भारत के सफल ऑलराउंडर्स में से एक हैं। युवराज ने अब तक कुल 304 वन-डे खेले हैं जिनमें 14 शतक और 52 अर्धशतकों की बदौलत उन्होंने 8 हजार 701 रन बनाए हैं। टेस्ट में युवराज ने 40 मैचों में 1900 रन बनाए हैं जिनमें 3 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं। दर्ज हैं, युवराज ने वन-डे में 14 शतक और 52 अर्धशतक लगाए हैं। टी-20 क्रिकेट में युवराज ने 58 मैचों में 1 हजार 177 रन बनाए हैं। 

Tags:    

Similar News